सिरफिरे ने दफ्तर में पूर्व प्रेमिका पर 35 सेकेंड में किए चाकू से 30 वार, सहकर्मियों के सामने उतारा मौत के घाट
Sandesh Wahak Digital Desk: पंजाब के मोहाली में एक बेहद खौफनाक और रोंगटे खड़े कर देने वाला हत्याकांड सामने आया है। यहाँ फेज-11 स्थित बेस्टेक मॉल के पास संचालित एक लॉजिस्टिक्स कंपनी के दफ्तर के अंदर एक सिरफिरे शख्स ने अपनी ही पूर्व प्रेमिका की उसके सहकर्मियों के सामने बड़ी बेरहमी से हत्या कर दी। जुनून और खूनी प्रतिशोध की यह पूरी वारदात कार्यालय में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है। आरोपी ने महज 35 सेकेंड के भीतर युवती की गर्दन और शरीर पर चाकू से ताबड़तोड़ 30 वार किए और इसके बाद खुद का भी गला रेतकर आत्महत्या का प्रयास किया।
ब्रेकअप के बाद सनक में बदला इनकार
मृतका की पहचान पटियाला की रहने वाली 29 वर्षीय डिंपल के रूप में हुई है, जबकि 34 वर्षीय आरोपी का नाम हरजिंदर सिंह मान उर्फ हैरी है। दोनों पिछले तीन साल से मोहाली के फेज-11 में एसआरपी यूएस लॉजिस्टिक्स नामक कंपनी की डिस्पैच टीम में एक साथ कार्यरत थे। साथ काम करने के दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और वे एक गंभीर रिलेशनशिप में आ गए।
इस कहानी में मोड़ करीब छह महीने पहले आया, जब डिंपल ने कुछ कारणों से हरजिंदर से दूरी बना ली और ब्रेकअप कर लिया। हरजिंदर इस अलगाव को स्वीकार नहीं कर पा रहा था और लगातार डिंपल पर दोबारा रिश्ता जोड़ने का दबाव बना रहा था। डिंपल के लगातार इनकार ने हरजिंदर को मानसिक रूप से हिंसक बना दिया, जो अंततः इस खूनी अंजाम में बदला।
क्या हो रहा है ये मोहाली मैं दफ्तर में घुस कर एक लड़की को मार दिया चाकू से गोद गोद कर ..ओर बाकी सब तमाशा देखते रहे.. pic.twitter.com/CaalI1aMLy
— Lokesh meena (@imlokesh_meena) June 5, 2026
दफ्तर में दौड़ा-दौड़ाकर किया हमला
गुरुवार शाम करीब 7:30 बजे जब डिंपल अपने केबिन में काम कर रही थी, तभी पास में ही मौजूद हरजिंदर उसके पास आया। दोनों के बीच पैचअप को लेकर बहस शुरू हुई। डिंपल के मना करते ही हरजिंदर ने पहले से छिपाकर रखा चाकू निकाला और पीछे से उसकी गर्दन पर 5-6 वार कर दिए।
जान बचाने के लिए लहूलुहान डिंपल जब मुख्य गेट की तरफ भागी, तो आरोपी ने उसे दबोच लिया और उस पर 25 बार और वार किए। दफ्तर के अन्य कर्मचारियों ने जब बीच-बचाव की कोशिश की, तो आरोपी ने उन्हें भी चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी।
एक मृत, कातिल वेंटिलेटर पर
इसी बीच एक साहसी कर्मचारी ने आगे बढ़कर आरोपी से चाकू छीन लिया। इस पर हरजिंदर ने अपनी जेब से दूसरा चाकू निकाला और खुद का गला रेत लिया। सूचना मिलते ही फेज-11 थाना प्रभारी (SHO) अमन बैदवान पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। दोनों को तुरंत मोहाली के फोर्टिस अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने डिंपल को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल आरोपी हरजिंदर फिलहाल वेंटिलेटर पर जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहा है। पुलिस ने फोरेंसिक टीम की मदद से घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और मृतका के परिवार की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है।

