Gorakhpur News: डिवाइडर पर सो रहे मजदूर पर डंपर चालक ने पलट दी मिट्टी, दम घुटने से मौत
Gorakhpur News: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ भटहट-बांसस्थान मार्ग पर चल रहे फोरलेन सड़क निर्माण के दौरान, डिवाइडर पर सो रहे एक मजदूर के ऊपर डंपर चालक ने मिट्टी पलट दी। मिट्टी के नीचे बुरी तरह दब जाने के कारण मजदूर की तड़प-तड़प कर मौके पर ही मौत हो गई। यह खौफनाक वाकया दलाल चौराहे के पास बुधवार की देर रात का बताया जा रहा है। पुलिस ने घटनास्थल के आस-पास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद आरोपी डंपर चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
दरअसल, इन दिनों निर्माणाधीन फोरलेन सड़क के डिवाइडर पर मिट्टी डालने और उसे बराबर करने का कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है। गुरुवार सुबह करीब 11 बजे जब एक जेसीबी मशीन से वहाँ मिट्टी को समतल किया जा रहा था, तब काम कर रहे अन्य मजदूरों को अचानक मिट्टी के बीच से एक इंसानी पैर बाहर दिखाई दिया। इसके बाद वहां हड़कंप मच गया। सूचना पाकर तत्काल मौके पर पहुंची पुलिस ने जब मिट्टी को हटवाया तो नीचे दबा हुआ एक शव बरामद हुआ। मृतक की शिनाख्त देवरिया जिले के रामपुर कारखाना क्षेत्र स्थित सिधुआ गांव के निवासी मिंटू (पुत्र जनार्दन) के रूप में की गई है।
मृतक मिंटू पिछले पांच वर्षों से अपनी ससुराल गुलरिहा के तरकुलहा गांव में रहकर मजदूरी करता था। हादसे की जानकारी मिलते ही उसकी पत्नी नीता देवी अपने दो मासूम बच्चों के साथ रोती-बिलखती मौके पर पहुंची।
एसपी सिटी निमिष पाटील ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि 3 जून की रात को मजदूर निर्माणाधीन डिवाइडर पर ही सो गया था। इसी दौरान मिट्टी लेकर पहुंचे वाहन संख्या (यूपी-32 आरएन-4276) के चालक ने घोर लापरवाही बरतते हुए बिना देखे ही वहां मिट्टी डंप कर दी। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी डंपर चालक रंजू राजभर (निवासी एकौना, मऊ) को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
अखिलेश यादव ने ट्वीट कर जताया दुख
इस हृदयविदारक हादसे पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर पोस्ट लिखा। उन्होंने प्रशासनिक तंत्र और संवेदनहीनता पर तंज कसते हुए लिखा, अच्छा नहीं है, संवेदनाओं का मर जाना, बेरहम मिट्टी में इंसानियत का दब जाना।
Also Read: पटना कोचिंग विवाद में रौशन आनंद के बाद अब खान सर पर मंडराया गिरफ्तारी का खतरा, एफआईआर दर्ज

