यूपी में टोंटी पर फिर छिड़ा सियासी संग्राम, सीएम योगी के बयान पर अखिलेश यादव का तीखा पलटवार
Lucknow News: उत्तर प्रदेश की सियासत में एक बार फिर ‘टोंटी’ को लेकर जुबानी जंग तेज हो गई है। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर लखनऊ में आयोजित एक पेड़ मां के नाम कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के एक बयान ने राज्य का राजनीतिक पारा बढ़ा दिया। इस बयान के सामने आने के तुरंत बाद समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पलटवार किया है। हालांकि सपा प्रमुख ने अपने पोस्ट में किसी का नाम नहीं लिया, लेकिन उनका इशारा सीधे तौर पर मुख्यमंत्री के बयान की तरफ ही था।
दरअसल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जल संरक्षण और नागरिक जिम्मेदारियों पर जोर दिया था। उन्होंने हर घर नल योजना की सफलता का जिक्र करते हुए कहा, हम देखते हैं कि सरकार हर घर तक पानी पहुंचा रही है, लेकिन कुछ लोग नल की टोंटी चोरी कर लेते हैं या उसे नुकसान पहुंचाते हैं। यह हम सबका कर्तव्य है कि अगर कोई ऐसी चोरी करे, तो हम उसे टोकें। इसके साथ ही सीएम ने पर्यावरण संतुलन और मौसम चक्र में आ रहे बदलावों पर चिंता जताते हुए कहा कि पर्यावरण को नुकसान पहुंचने से सबसे ज्यादा प्रभावित हमारा किसान होगा।
सीएम योगी के इसी ‘टोंटी’ वाले बयान को आड़े हाथों लेते हुए अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पहले ट्विटर) पर एक आक्रामक पोस्ट लिखी। अखिलेश ने लिखा, लत से गलत की ओर… वनस्पति विवेक छीन लेती है और निर्दोष लोगों की हत्याओं का खौफ रातों की नींद। वरना पूरे होश में इतने ऊंचे संवैधानिक पद पर बैठकर कोई ऐसा निकृष्ट बयान नहीं देता। सपा प्रमुख ने आगे तंज कसते हुए लिखा कि कुछ लोग अपनी नाकामियों के लिए दूसरों को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं। यह सिर्फ और सिर्फ चुनाव में मिली हार की हताशा है, क्योंकि अब ‘कुदरत का बुलडोजर’ दूसरी तरफ घूम चुका है।
Also Read: होर्मुज जलडमरूमध्य की सुरक्षा के लिए यूरोपीय मदद की जरूरत नहीं: ट्रंप

