Siddharthnagar News: 30 टन गेहूं गबन कर फरार ट्रक ड्राइवर और खलासी गिरफ्तार, माल और कैश बरामद
Siddharthnagar News: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले में पुलिस की संयुक्त टीम ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए ट्रक से 30 टन गेहूं गायब कर फरार होने वाले चालक और सहचालक को दबोच लिया है। एसओजी, सर्विलांस सेल और थाना त्रिलोकपुर पुलिस की मुस्तैदी से दोनों शातिर आरोपियों की गिरफ्तारी संभव हो सकी। पुलिस ने इनके पास से घटना में इस्तेमाल ट्रक, लगभग 9.85 टन चोरी का गेहूं और गबन की गई रकम में से 1.20 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं।
गोंडा भेजने के बजाय औने-पौने दामों में बेच दिया था गेहूं
मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने बताया कि बीती 20 मई, 2026 को शिव शक्ति ट्रेडर्स (बड़हरा विशुनपुर) से करीब 30 टन गेहूं एक ट्रक (संख्या UP61T9372) पर लादकर गोंडा के लिए रवाना किया गया था। लेकिन ट्रक चालक अनिल यादव और सहचालक सुभाष यादव की नीयत डोल गई। वे माल को तय गंतव्य पर पहुंचाने के बजाय रास्ते से ही अपना मोबाइल फोन बंद कर गायब हो गए। इसके बाद दोनों ने मिलकर पूरे गेहूं को बाजार में औने-पौने दामों पर बेच दिया। इस धोखाधड़ी को लेकर पीड़ित व्यापारी बलिराम गुप्ता की शिकायत पर त्रिलोकपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन के दिशा-निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस टीमों को यह सफलता मिली। 4 जून को सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर बिस्कोहर-बलरामपुर बॉर्डर के पास से दोनों वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। कड़ाई से की गई पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि उन्होंने लालच में आकर गेहूं बेच दिया था और रकम आपस में बांट ली थी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए गेहूं की बिक्री से मिले 1.20 लाख रुपये पीड़ित व्यापारी के खाते में वापस ट्रांसफर करवा दिए हैं, जबकि बाकी के पैसों की रिकवरी के लिए प्रयास जारी हैं।

पहले भी धोखाधड़ी की वारदातों को अंजाम दे चुके हैं आरोपी
पुलिस की शुरुआती तफ्तीश में यह चौंकाने वाला खुलासा भी हुआ है कि पकड़े गए दोनों आरोपी आदतन अपराधी हैं। ये पहले भी कई बार व्यापारियों का कीमती माल लेकर रफूचक्कर होने और धोखाधड़ी की वारदातों को अंजाम देने में शामिल रहे हैं। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों के पुराने आपराधिक इतिहास (क्रिमिनल रिकॉर्ड) की गहराई से पड़ताल कर रही है ताकि इनके खिलाफ कोर्ट में मजबूत चार्जशीट दाखिल कर सख्त सजा दिलाई जा सके।
रिपोर्ट- जाकिर खान
Also Read: मां के नाम एक वृक्ष अभियान, सांसद जगदंबिका पाल और डीएम ने किया भव्य पौधरोपण

