Bareilly News: जनगणना 2026-27 के कार्यों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को मिला सम्मान

Bareilly News: शनिवार को बरेली की तहसील सदर में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस के मौके पर एक विशेष सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय महत्व के अभियान जनगणना 2026-27 के अंतर्गत चार्ज ठिरिया निजावत खाँ क्षेत्र में हाउस लिस्टिंग एवं भवन गणना (HLB) का कार्य समय सीमा के भीतर और पूर्ण गुणवत्ता के साथ करने वाले प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को जिला प्रशासन की ओर से सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिलाधिकारी सह जिला जनगणना अधिकारी अविनाश सिंह ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले इन सभी कार्मिकों की सराहना की। उन्होंने कहा, जनगणना 2026-27 का पहला चरण यानी हाउस लिस्टिंग और भवन गणना का काम बेहद महत्वपूर्ण और बुनियादी होता है। जिन कर्मचारियों ने इस जिम्मेदारी को समय पर और बिना किसी त्रुटि के पूरा किया है, उन्होंने अपनी कर्तव्यनिष्ठा का बेहतरीन उदाहरण पेश किया है। उनका यह काम अन्य सरकारी कर्मचारियों के लिए भी एक बड़ी प्रेरणा है।

डीएम ने सभी सम्मानित कर्मियों को बधाई देते हुए कहा कि देश के इतने बड़े और महत्वपूर्ण कार्य में उनका परिश्रम और समर्पण वाकई काबिले-तारीफ है। इसके साथ ही उन्होंने जिले के सभी जनगणना कर्मियों से अपील की कि वे आने वाले अन्य चरणों में भी इसी ऊर्जा, उत्साह और ईमानदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।

इस गरिमामयी समारोह में तहसील प्रशासन और जनगणना विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ-साथ क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिक भी मौजूद रहे। सम्मान और पारितोषिक राशि पाकर गदगद हुए प्रगणकों और पर्यवेक्षकों ने जिला प्रशासन के प्रति अपनी कृतज्ञता जाहिर की। सभी कर्मियों ने संकल्प लिया कि वे भविष्य में भी राष्ट्रीय और प्रशासनिक कार्यों को पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ अंजाम देंगे।

रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया

Also Read: सिद्धार्थनगर पुलिस ने गुम हुए 63 एंड्रॉइड फोन बरामद कर मालिकों को लौटाए

Get real time updates directly on you device, subscribe now.