CJP Protest को सेलेब्स का समर्थन, ऋचा चड्ढा, प्रकाश राज समेत कई कलाकार बोले, ‘सच्चे देशभक्त बनें युवा’
Sandesh Wahak Digital Desk: दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रस्तावित कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के विरोध प्रदर्शन को लेकर राजनीतिक हलकों के साथ-साथ फिल्म और कला जगत से भी समर्थन मिलने लगा है।
6 जून को होने वाले इस शांतिपूर्ण प्रदर्शन के लिए दिल्ली पुलिस ने अनुमति दे दी है। यह प्रदर्शन नीट पेपर लीक सहित परीक्षा प्रणाली से जुड़े मुद्दों को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर केंद्रित है।
ऋचा चड्ढा ने CJP के समर्थन में कही बड़ी बात
एक्ट्रेस ऋचा चड्ढा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर CJP आंदोलन के समर्थन में भावुक पोस्ट साझा किया। ऑकलैंड में मौजूद ऋचा ने लिखा कि भले ही वह इस समय दुनिया की सबसे स्वच्छ हवा वाले शहर में हों, लेकिन उनका मन दिल्ली और देश के युवाओं के साथ है।
उन्होंने युवाओं से “दिखावटी राष्ट्रवाद के बजाय सच्चे देशभक्त” बनने की अपील की और शांत, रणनीतिक व दयालु तरीके से आवाज उठाने की बात कही।
ऋचा ने व्यंग्यात्मक अंदाज में यह भी लिखा कि डायनासोर विलुप्त हो गए, लेकिन तिलचट्टे अब भी जीवित हैं—जो इस आंदोलन के प्रतीकात्मक नाम की ओर इशारा माना जा रहा है।
प्रकाश राज ने जताई एकजुटता
वरिष्ठ अभिनेता प्रकाश राज ने भी CJP के प्रदर्शन को समर्थन देते हुए X पर लिखा कि वह शूटिंग के कारण दूर हैं, फिर भी 6 जून को जंतर-मंतर पहुंचने की कोशिश करेंगे।
उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे इस आंदोलन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और अपनी एकजुटता दिखाएं।
अतुल कुलकर्णी ने युवाओं से मांगी माफी
अभिनेता अतुल कुलकर्णी ने CJP के समर्थन में पोस्ट साझा करते हुए अपनी पीढ़ी की ओर से युवाओं से माफी मांगी।
उन्होंने लिखा कि पिछली पीढ़ियां अपनी जिम्मेदारियां पूरी तरह नहीं निभा सकीं, जिसके कारण आज युवाओं को कई चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि युवा ईमानदारी, संवेदनशीलता और दया के साथ देश को बेहतर दिशा देंगे।
कुनिका सदानंद का भी समर्थन
एक्ट्रेस कुनिका सदानंद ने भी लाइव वीडियो के जरिए CJP आंदोलन का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि यह केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि यह याद दिलाने वाला दिन है कि भारत का भविष्य अंधभक्ति से नहीं, बल्कि जागरूक और समझदार नागरिकों से तय होगा।
उन्होंने जोर देकर कहा कि लोकतंत्र भाषणों से नहीं, बल्कि जवाबदेही और काम से मजबूत होता है।
क्यों हो रहा है जंतर-मंतर पर प्रदर्शन?
कॉकरोच जनता पार्टी की ओर से यह प्रदर्शन नीट सहित विभिन्न परीक्षाओं में पेपर लीक के आरोपों और शिक्षा व्यवस्था में जवाबदेही की मांग को लेकर किया जा रहा है।
प्रदर्शन के मद्देनजर नई दिल्ली इलाके में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है और बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।
सेलेब्स के समर्थन के बाद यह आंदोलन केवल राजनीतिक नहीं, बल्कि सामाजिक बहस का भी बड़ा केंद्र बनता नजर आ रहा है।
Also Read: अटारी-वाघा बॉर्डर पर गूंजेगा ‘जय हो’, BSF जवानों को सुरों से सलामी देंगे AR Rahman

