Saharanpur में हाई-प्रोफाइल तस्करी का भंडाफोड़, ऑडी से मिले दोमुंहे सांप और लाखों रुपये

Saharanpur News: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में वन्यजीव तस्करी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। पुलिस ने एक प्रॉपर्टी डीलर को गिरफ्तार किया है, जिसके कब्जे से दो दुर्लभ दोमुंहे सांप (रेड सैंड बोआ), लाखों रुपये की नकदी, नोट गिनने की मशीन और फर्जी दस्तावेज बरामद किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक बरामद सांपों की कीमत करीब 15 लाख रुपये आंकी जा रही है।

पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति लग्जरी कार में प्रतिबंधित वन्यजीवों की तस्करी कर रहा है। इसके बाद चेकिंग अभियान के दौरान पूजा एन्क्लेव के पास दबनी कब्रिस्तान मार्ग से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

तलाशी के दौरान पुलिस को आरोपी की ऑडी Q-3 कार से दो दोमुंहे सांप, 4.94 लाख रुपये नकद, नोट गिनने की मशीन, दो फर्जी आधार कार्ड, मनोरंजन वाले नकली नोटों की 127 गड्डियां और सफेद कागज की 145 गड्डियां मिलीं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बरामद सामान को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है।

पहचान छिपाने के लिए बनवाया फर्जी आधार

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने अपनी असली पहचान छिपाने के लिए दूसरे नाम से फर्जी आधार कार्ड बनवा रखा था। वह अलग-अलग पहचान के जरिए लोगों से संपर्क करता था और अपने साथियों के साथ मिलकर दोमुंहे सांपों की खरीद-फरोख्त करता था।

आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह हाल ही में एक दोमुंहा सांप करीब 15 लाख रुपये में बेचकर लौटा था। डील में शामिल उसके साथी अपना हिस्सा लेकर जा चुके थे, जबकि बरामद नकदी उसके हिस्से की रकम थी।

झांसे में लेने के लिए रखता था नकली नोट

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी अपने बैग में मनोरंजन वाले नोट और सफेद कागज की गड्डियां रखता था। इसका मकसद सामने वाले को यह दिखाना होता था कि उसके पास बड़ी रकम मौजूद है, ताकि लोग आसानी से उसके झांसे में आ जाएं।

पुलिस के अनुसार आरोपी पिछले चार-पांच वर्षों से इस अवैध कारोबार में सक्रिय था। वह वीआईपी नंबर वाली ऑडी कार और आलीशान जीवनशैली के जरिए लोगों का भरोसा जीतता था। फिलहाल पुलिस उसके फरार साथियों, फर्जी दस्तावेज तैयार करने वालों और पूरे नेटवर्क की तलाश में जुटी है।

आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है।

Also Read: Lucknow News: वृंदावन योजना में मकान बिक्री के नाम पर 74 लाख की ठगी, 50-50 हजार के दो इनामी आरोपी गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.