चार्जिंग के दौरान फटा Nothing का पॉपुलर फोन? जलकर खाक हुआ पूरा बेडरूम

Nothing CMF Phone 1: स्मार्टफोन यूजर्स के लिए चिंता बढ़ाने वाली एक घटना सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा में है। एक Reddit यूजर ने दावा किया है कि उसके किराएदार का Nothing CMF Phone 1 चार्जिंग के दौरान अचानक फट गया, जिसके बाद कमरे में आग लग गई और पूरा बेडरूम जलकर बर्बाद हो गया। हालांकि, फिलहाल इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और कंपनी की ओर से भी कोई बयान सामने नहीं आया है।

यूजर के अनुसार, उसका किराएदार फोन को चार्जिंग पर लगाकर खाने के लिए बाहर गया था। फोन बिस्तर पर रखा हुआ था। इसी दौरान पास के फ्लैट में रहने वाले एक अन्य व्यक्ति ने जोरदार धमाके की आवाज सुनी। कुछ ही देर में गद्दे, चादर और कंबल में आग लग गई, जिसने पूरे कमरे को अपनी चपेट में ले लिया।

जब तक मकान मालिक मौके पर पहुंचा, तब तक बेडरूम का बड़ा हिस्सा जल चुका था। राहत की बात यह रही कि घर में लगे Emergency Water System की मदद से आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

Reddit पोस्ट में यूजर ने दावा किया कि उसने घटना के बाद MCB और बिजली व्यवस्था की जांच की। उसके मुताबिक सिर्फ उसी कमरे के स्विच ट्रिप हुए थे, जबकि पूरे घर की बिजली व्यवस्था सामान्य थी। ऐसे में उसे नहीं लगता कि आग का कारण कोई इलेक्ट्रिकल फॉल्ट था।

यूजर ने यह भी कहा कि उसका किराएदार न तो स्मोकिंग करता है और न ही वेपिंग। कमरे में फोन के अलावा कोई दूसरा बैटरी वाला गैजेट मौजूद नहीं था। इसी वजह से संदेह सीधे फोन पर जा रहा है।

फिलहाल Nothing की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। ऐसे में यह साफ नहीं है कि घटना वास्तव में फोन ब्लास्ट की वजह से हुई या इसके पीछे कोई अन्य कारण था।

Lithium-ion Battery को लेकर क्यों बढ़ी चिंता?

विशेषज्ञों के मुताबिक अधिकांश स्मार्टफोन में Lithium-ion Battery का इस्तेमाल होता है। अगर बैटरी अत्यधिक गर्म हो जाए, क्षतिग्रस्त हो या उसे गलत परिस्थितियों में चार्ज किया जाए, तो खतरा बढ़ सकता है।

बिस्तर, गद्दे या कंबल जैसी सतहों पर फोन चार्ज करना सुरक्षित नहीं माना जाता, क्योंकि ऐसी जगहों पर गर्मी बाहर नहीं निकल पाती। इसके अलावा लोकल या अनऑफिशियल चार्जर का इस्तेमाल भी बैटरी फेलियर का कारण बन सकता है।

हालांकि इस मामले में अभी तक किसी स्वतंत्र एजेंसी या कंपनी की जांच रिपोर्ट सामने नहीं आई है। इसलिए Reddit पर किए गए दावे को फिलहाल अंतिम सच नहीं माना जा सकता। लेकिन अगर यह दावा सही साबित होता है, तो यह मामला सिर्फ एक स्मार्टफोन की खराबी नहीं बल्कि User Safety से जुड़ा बड़ा मुद्दा बन सकता है।

Also Read: पेट्रोल-डीजल की टेंशन खत्म! Maruti ने लॉन्च की flex fuel car, जानें खासियत

Get real time updates directly on you device, subscribe now.