पैरोल खत्म होने पर सरेंडर करने देर से पहुंचे आसाराम पर जोधपुर में केस दर्ज
Sandesh Wahak Digital Desk: नाबालिग से बलात्कार के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे आसाराम की मुश्किलें फिर बढ़ गई हैं। 20 दिनों की मेडिकल पैरोल खत्म होने के बाद तय समय सीमा के भीतर जोधपुर सेंट्रल जेल में सरेंडर न करने पर जोधपुर की रतनदा पुलिस ने आसाराम के खिलाफ मामला दर्ज किया है। जेल प्रशासन की शिकायत पर प्रिजन्स एक्ट (जेल अधिनियम) की धारा 58बी के तहत यह एफआईआर दर्ज की गई है, जिसकी जांच एएसआई भवानी सिंह को सौंपी गई है।
राजस्थान हाईकोर्ट ने 6 अक्टूबर को आसाराम को स्वास्थ्य कारणों से 20 दिनों की मेडिकल पैरोल दी थी, जिसकी अवधि 26 अक्टूबर को समाप्त हो गई थी। अदालत के निर्देशानुसार आसाराम को मंगलवार शाम 5 बजे तक जोधपुर सेंट्रल जेल में सरेंडर करना था। हालाँकि, वे इंदौर से एयर एंबुलेंस के जरिए निर्धारित समय से कई घंटे देरी से रात 10:40 बजे जोधपुर पहुंचे। देरी के कारण जेल प्रशासन ने रात में उन्हें अंदर लेने से इनकार कर दिया, जिसके बाद उन्हें भगत की कोठी स्थित एक अस्पताल में ले जाया गया।
सुप्रीम कोर्ट ने खारिज की थी पैरोल विस्तार की मांग
आसाराम की विधिक टीम ने स्वास्थ्य का हवाला देते हुए पैरोल की अवधि बढ़ाने के लिए सुप्रीम कोर्ट का रुख किया था, लेकिन शीर्ष अदालत ने इस याचिका को खारिज करते हुए उन्हें तुरंत सरेंडर करने का आदेश दिया था। बता दें कि अगस्त 2013 में जोधपुर आश्रम में नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार आसाराम को अप्रैल 2018 में पॉक्सो कोर्ट ने उम्रकैद की सजा सुनाई थी। 27 मई 2026 को भी राजस्थान हाईकोर्ट ने उनकी उम्रकैद की सजा को बरकरार रखा था।
Also Read: अभिषेक शर्मा फिर बने नंबर-1, ईशान किशन को पछाड़ा, टेस्ट रैंकिंग में भी बड़ा फेरबदल

