गड़बड़ कर रहे हैं विधायक, सुनते ही सपा सांसद पर भड़के MLA, बोले- तमीज से बात करें

Samajwadi Party News: छत्रपति शाहूजी महाराज की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को समाजवादी पार्टी के कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अचानक हंगामे की स्थिति बन गई। कार्यक्रम में सपा सांसद कृष्णा देवी शिवशंकर पटेल कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रही थीं। 

भाषण के दौरान उन्होंने कहा कि वह पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से भी इस बात की शिकायत कर चुकी हैं कि उनके खिलाफ जो कुछ हो रहा है, उसके पीछे बबेरू विधायक विशंभर यादव हैं। सांसद ने मंच से कहा कि बबेरू विधायक गड़बड़ी कर रहे हैं। यह सुनते ही कार्यक्रम का माहौल बदल गया और विधायक ने तुरंत खड़े होकर सांसद को टोकते हुए कहा, “तमीज से बात कीजिए।”

34 सेकेंड का वीडियो वायरल, विधायक ने दी सफाई

घटना का 34 सेकेंड का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। वीडियो में सांसद अपने भाषण के दौरान आरोप लगाती सुनाई देती हैं, जबकि विधायक विशंभर यादव बीच में हस्तक्षेप करते नजर आते हैं।

इस दौरान निवर्तमान जिलाध्यक्ष मधुसूदन कुशवाहा भी अपनी सीट से खड़े हो जाते हैं, जिससे कार्यक्रम में कुछ देर के लिए गहमागहमी का माहौल बन जाता है। गौरतलब है कि इस समय जिले की सपा कार्यकारिणी भी भंग चल रही है।

विधायक बोले- पार्टी दफ्तर में ऐसी बातें नहीं होनी चाहिए

घटना के बाद विधायक विशंभर यादव ने कहा कि सांसद भाषण के दौरान कुछ अनर्गल बातें कह रही थीं, इसलिए उन्होंने केवल उन्हें रोकने की कोशिश की। विधायक का कहना है कि सांसद उनसे उम्र में छोटी हैं और पार्टी कार्यालय में इस तरह के आरोप नहीं लगाने चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी ने उन्हें टिकट देकर सांसद बनाया है, जबकि पहले वह और उनके पति चुनाव हार चुके हैं।

वहीं, सांसद और उनके पति से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनकी ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। सांसद के प्रतिनिधि पुरुषोत्तम ने भी इस मामले पर फिलहाल कुछ भी कहने से इनकार कर दिया।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.