लखनऊ मिलिट्री स्टेशन बास्केटबॉल टूर्नामेंट: हेडक्वार्टर सेंट्रल यूपी सब एरिया बना चैंपियन, कमांड ट्रूप्स उपविजेता
Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी स्थित लखनऊ सैन्य स्टेशन में आयोजित अंतर-सैन्य बास्केटबॉल प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक और खेल भावना के साथ संपन्न हुआ। इस पूरे टूर्नामेंट में सैन्य छावनी की विभिन्न इकाइयों के जांबाज अधिकारियों और जवानों ने अपनी खेल प्रतिभा का लोहा मनवाया। पूरे आयोजन के दौरान खिलाड़ियों के बीच उच्च स्तर का अनुशासन, गजब का तालमेल और बेजोड़ टीम भावना देखने को मिली।
प्रतियोगिता का हर मैच बेहद कड़ा और प्रतिस्पर्धी रहा, जहाँ बास्केटबॉल कोर्ट पर जवानों ने अपनी तकनीकी फुर्ती और जीतने के मजबूत संकल्प का प्रदर्शन किया। सेना के अधिकारियों के मुताबिक, इस तरह के आयोजनों का उद्देश्य न केवल जवानों की शारीरिक क्षमता और खेल संस्कृति को निखारना है, बल्कि उनके भीतर आपसी भाईचारे, सौहार्द और एस्प्रिट-डी-कॉर्प्स (सामूहिक गौरव की भावना) को और अधिक मजबूत करना भी है।
रोमांचक फाइनल में चमका मुख्यालय मध्य उत्तर प्रदेश सब एरिया
चैंपियनशिप के खिताबी मुकाबले में मुख्यालय मध्य उत्तर प्रदेश सब एरिया की टीम ने अपने शानदार कौशल और आक्रामक खेल की बदौलत खिताबी जीत हासिल की। वहीं, कड़े संघर्ष के बाद कमांड ट्रूप्स की टीम को उपविजेता (रनर-अप) के खिताब से संतोष करना पड़ा। टूर्नामेंट में हिस्सा लेने वाली सभी टीमों के पेशेवर नजरिए और खेल के स्तर की सैन्य अधिकारियों द्वारा काफी सराहना की गई।

कमांडर ने थपथपाई खिलाड़ियों की पीठ
प्रतियोगिता के समापन समारोह के मुख्य अतिथि सेंट्रल कमांड के जीओसी-इन-सी (कमांडिंग इन चीफ) लेफ्टिनेंट जनरल अनिंद्य सेनगुप्ता रहे। उन्होंने विजेता और उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को चमचमाती ट्रॉफी और पुरस्कार देकर सम्मानित किया। अपने संबोधन में लेफ्टिनेंट जनरल सेनगुप्ता ने कहा कि खेलकूद सैनिक जीवन का एक बेहद जरूरी हिस्सा हैं। यह जवानों में लीडरशिप क्वालिटी, मानसिक दृढ़ता, टीम वर्क और फिजिकल फिटनेस को बढ़ाने में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को भविष्य में भी इसी जोश के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
Also Read: एमएसएमई देश में रोजगार का दूसरा बड़ा साधन: अमित गुप्ता

