एमएसएमई देश में रोजगार का दूसरा बड़ा साधन: अमित गुप्ता

Lucknow News: देश की आर्थिक प्रगति और तरक्की में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) सेक्टर का योगदान अतुलनीय है। यह भारतीय अर्थव्यवस्था की असली रीढ़ है, जो देश के सकल घरेलू उत्पाद (GDP) में करीब 30 फीसदी और कुल निर्यात में 40 प्रतिशत से अधिक की बड़ी हिस्सेदारी रखता है। यह बात राष्ट्रीय जन उद्योग व्यापार संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित गुप्ता ने कही। वे शनिवार को गोमती नगर स्थित एक होटल में विश्व एमएसएमई दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित उद्योग संवाद एवं सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे।

व्यापारियों को संबोधित करते हुए अमित गुप्ता ने आगे कहा कि देश के कुल रोजगार में इस क्षेत्र का योगदान 43 प्रतिशत है, जो कृषि के बाद देश में आजीविका का दूसरा सबसे बड़ा जरिया है। मौजूदा समय में अकेले उत्तर प्रदेश में 1 लाख से अधिक एमएसएमई इकाइयां क्रियाशील हैं। उन्होंने योगी सरकार से पुरजोर मांग की कि तमिलनाडु सरकार की बेहतरीन पहल की तर्ज पर उत्तर प्रदेश सरकार को भी एमएसएमई की लैंडिंग (ऋण/वित्तीय सहायता) की व्यवस्था अपने स्तर पर शुरू करनी चाहिए, ताकि छोटे उद्यमियों को पूंजी संकट से न जूझना पड़े।

एमएसएमई देश में रोजगार का दूसरा बड़ा साधन: अमित गुप्ता

डिग्रियों से ज्यादा जरूरी है कौशल विकास

संवाद कार्यक्रम के दौरान कुशल कार्यबल (स्किल्ड लेबर) की कमी पर भी गंभीर चिंता जताई गई। अमित गुप्ता और संगठन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष गजेंद्र शर्मा ने कहा कि आज देश में किताबी शिक्षा का दायरा तो बढ़ा है, लेकिन उद्योगों की जरूरत के हिसाब से हुनरमंद (स्किल्ड) युवाओं की भारी कमी है। कई बार सरकार की महत्वाकांक्षी औद्योगिक योजनाएं सिर्फ इसलिए जमीन पर दम तोड़ देती हैं क्योंकि उन्हें चलाने के लिए ट्रेंड वर्कर्स नहीं मिलते। इसलिए शिक्षा के साथ-साथ कौशल विकास (स्किल्ड डेवलपमेंट) को अनिवार्य रूप से बढ़ावा देना आज के वक्त की सबसे बड़ी मांग है।

दिग्गज कारोबारी मुरलीधर आहूजा का हुआ सम्मान

इस भव्य समारोह के दौरान व्यापारिक क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने के लिए मुरलीधर आहूजा को एमएसएमई प्रणेता सम्मान से नवाजा गया। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित गुप्ता और महिला विंग की राष्ट्रीय अध्यक्षा अनीता अग्रवाल ने उन्हें बुके, अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष मनीष अग्रवाल, प्रदेश वरिष्ठ महामंत्री जगत नारायण अग्रवाल, आलोक आर्या (प्रदेश महामंत्री संगठन), रविन्द्र जायसवाल, देवेन्द्र अग्रवाल और महानगर अध्यक्ष मनीष भटियानी समेत उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए सैकड़ों प्रमुख व्यापारी और उद्यमी मौजूद रहे।

Also Read: कोलंबो में भारत-PAK ट्रैक-2 वार्ता की खबर झूठी, राम माधव बोले- इसमें नहीं है सच्चाई

Get real time updates directly on you device, subscribe now.