अखिलेश यादव का ऐलान, यूपी में सपा सरकार बनते ही सियाराम-धाम के रूप में पल्लवित होगी अयोध्या

Lucknow News: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश की सियासत में अयोध्या को लेकर एक बड़ा दांव खेला है। उन्होंने दावा किया है कि राज्य में समाजवादी पार्टी की सरकार बनते ही अयोध्या को एक अनुपम और अनुकरणीय धार्मिक नगरी के रूप में विकसित किया जाएगा। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पहले ट्विटर) पर एक पोस्ट साझा करते हुए सपा प्रमुख ने लिखा कि हम पूरी धर्मनिष्ठता और सत्यनिष्ठता के साथ यह संकल्प लेते हैं कि नई सरकार आने पर अयोध्या को ऐसा स्वरूप दिया जाएगा, जहां दुनिया भर से आने वाले श्रद्धालुओं को अद्वितीय आध्यात्मिक अनुभूति होगी।

उन्होंने कहा कि प्रभु के आशीर्वाद से अयोध्या के सनातन मान-सम्मान को आस्था, अखंड विश्वास और सच्ची भावना के सियाराम-धाम के रूप में फिर से स्थापित किया जाएगा, जिससे वहां के स्थानीय निवासियों को उनका परंपरागत गौरव और अधिकार वापस मिल सके।

भाजपा के अहंकार की लंका का अंत निश्चित

इन दिनों राम मंदिर के चंदे और दान में हुई कथित हेराफेरी को लेकर अखिलेश यादव लगातार भाजपा सरकार पर हमलावर हैं। एक अन्य तीखे पोस्ट में उन्होंने लिखा कि भाजपा का लंकाकांड अब अयोध्या से ही शुरू होगा। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि आखिरकार ‘दानभक्तों’ का असली मुखौटा उतर गया है और प्रभु की अलौकिक शक्ति ने अपना चमत्कार दिखा दिया है। अब भाजपा के अहंकार की चमचमाती लंका के साम्राज्य और उसके लंकाधिपति का अंत तय है। भाजपा के लिए जिसे वो अमृतकाल कहते थे, वही अब उनके अंत का काल बनकर आया है।

सपा प्रमुख ने सरकार के पुराने दावों पर कटाक्ष करते हुए लिखा कि जो लोग कहते थे कि उनके राज में इस्तीफे नहीं होते, वे अब ‘इस्तीफे’ को ‘त्यागपत्र’ का नाम देकर बच रहे हैं। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि यह तो भाजपा और उनके संगी-साथियों के काले कारनामों का सिर्फ पहला अध्याय है। चंदे के बंटवारे की इस लड़ाई में अब इनकी पार्टी, संघ, परिषद और ट्रस्ट की टोलियां खुद ही एक-दूसरे की पोल खोलेंगी।

अखिलेश यादव ने तंज कसा कि इससे पहले कि ये लोग ‘चोरी के माल’ से भरा अपना झोला लेकर भागें, बॉर्डर बंद कर दिए जाने चाहिए। अब केयर फंड के साथ-साथ सभी अनरजिस्टर्ड लोगों को अपने कुकृत्यों का हिसाब देना होगा, क्योंकि भगवान के ऑडिट से यह गिरोह बच नहीं पाएगा।

Also Read: Bulandshahr News: बुलंदशहर में पुलिस के सामने फिल्मी स्टाइल फायरिंग, युवक के सिर में लगी गोली

Get real time updates directly on you device, subscribe now.