‘बंधक बनाया… जबरन कलमा पढ़वाया और गर्म चिमटे से दागा’, Kanpur की नाबालिग का आरोप
Kanpur News: उत्तर प्रदेश के कानपुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। 17 वर्षीय एक किशोरी ने आरोप लगाया है कि उसे छह दिनों तक बंधक बनाकर रखा गया, जबरन धर्मांतरण का दबाव बनाया गया और विरोध करने पर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई। पीड़िता का आरोप है कि इस दौरान उसे बुर्का पहनाकर रखा गया, जबरन कलमा पढ़वाया गया और गर्म चिमटे से दागा गया। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पीड़िता के मुताबिक, कुछ दिन पहले उसकी मुलाकात बेकनगंज निवासी अरमान से मोतीझील में हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच फोन पर बातचीत शुरू हुई। आरोप है कि 21 जून को अरमान ने उसे नमक फैक्ट्री चौराहे के पास मिलने बुलाया। वहां कार में उसके दो अन्य साथी भी मौजूद थे। घूमने के बहाने उसे कार में बैठाया गया, लेकिन घर छोड़ने के बजाय बेकनगंज स्थित अपने घर ले जाकर बंधक बना लिया गया।
धर्मांतरण का दबाव, कलमा पढ़वाने और धमकाने का आरोप
Kanpur की किशोरी का आरोप है कि घर में उसे लगातार धर्म परिवर्तन के लिए मजबूर किया गया। उसे बुर्का पहनाकर रखा जाता था और जबरन कलमा पढ़ने के लिए कहा जाता था। विरोध करने पर मारपीट की जाती थी। पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसे सऊदी अरब ले जाकर बेचने की धमकी भी दी गई। इतना ही नहीं, उसे भूखा रखा गया और प्रतिबंधित मांस खिलाने की भी कोशिश की गई।
‘घर की महिलाएं भी करती थीं मारपीट’
पीड़िता ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया है कि आरोपी के परिवार के अन्य सदस्य भी इस पूरे घटनाक्रम में शामिल थे। उसके मुताबिक, घर की महिलाएं और युवतियां भी उसके साथ मारपीट करती थीं और धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाती थीं। विरोध करने पर गर्म चिमटे से दागकर प्रताड़ित किया जाता था।
किसी तरह बचकर पहुंची घर
पीड़िता का कहना है कि वह किसी तरह आरोपियों के चंगुल से निकलकर अपने घर पहुंची। वहां उसने परिवार को पूरी आपबीती बताई। इसके बाद परिजनों ने रावतपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की।
Kanpur के रावतपुर थाना पुलिस के मुताबिक, किशोरी की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर मुख्य आरोपी अरमान को गिरफ्तार कर लिया गया है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और उसके बयान दर्ज किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Also Read: Muzaffarnagar: टॉर्चर से मजदूर की मौत, फिर बोरे में भरकर फेंकी लाश, SIT गठित

