भीषण गर्मी में UP ने रचा इतिहास! 32,673 मेगावाट बिजली देकर पूरे देश में बना नंबर-1 राज्य
UP Electricity News: भीषण गर्मी के बीच उत्तर प्रदेश ने बिजली आपूर्ति के मामले में नया रिकॉर्ड कायम किया है। यूपी पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (UPPCL) के मुताबिक, 24 जून को राज्य ने 32,673 मेगावाट की रिकॉर्ड पीक डिमांड पूरी करते हुए देश में सबसे अधिक बिजली आपूर्ति करने वाला राज्य बनने का दावा किया है। लगातार बढ़ती मांग के बावजूद प्रदेश में निर्बाध बिजली उपलब्ध कराने का दावा किया गया है।
UPPCL के अनुसार, 19 जून से उत्तर प्रदेश लगातार डिमांड आधारित बिजली आपूर्ति में देश में पहले स्थान पर बना हुआ है। इस दौरान राज्य ने महाराष्ट्र, गुजरात, तमिलनाडु, कर्नाटक, पंजाब और आंध्र प्रदेश जैसे बड़े राज्यों को पीछे छोड़ दिया।
रिकॉर्ड बिजली आपूर्ति के आंकड़े:
- 24 जून: 32,673 मेगावाट (रिकॉर्ड)
- 23 जून: 32,405 मेगावाट
- 21 जून: 32,348 मेगावाट
- 22 जून: 31,841 मेगावाट
- 20 जून: 31,549 मेगावाट
- 19 जून: 30,968 मेगावाट
इसके अलावा 25 जून को 31,852 मेगावाट, 26 जून को 31,839 मेगावाट और 27 जून को 31,949 मेगावाट बिजली की आपूर्ति दर्ज की गई।
UPPCL ने किया महानगरों में 24 घंटे बिजली का दावा
यूपीपीसीएल का कहना है कि भीषण गर्मी और रिकॉर्ड मांग के बावजूद लखनऊ, नोएडा, गाजियाबाद, कानपुर और वाराणसी जैसे प्रमुख शहरों में 24 घंटे बिजली उपलब्ध कराई जा रही है। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में भी 22 से 24 घंटे तक बिजली आपूर्ति बनाए रखने का दावा किया गया है।
24 घंटे मॉनिटरिंग, मजबूत व्यवस्था का दावा
UPPCL के अध्यक्ष डॉ. आशीष कुमार गोयल ने कहा कि बिजली व्यवस्था से जुड़े अधिकारी और कर्मचारी चौबीसों घंटे निगरानी कर रहे हैं ताकि उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली मिलती रहे। वहीं, निदेशक (वितरण) ज्ञानेंद्र धर द्विवेदी ने बताया कि रिकॉर्ड स्तर की बिजली आपूर्ति मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर, बेहतर प्रबंधन और टीमवर्क का परिणाम है।
Also Read: UP Panchayat Chunav पर नया ट्विस्ट! हाईकोर्ट के आदेश के खिलाफ अपील करेगी योगी सरकार

