UP में खुलने वाले है School, लू से बचाव के लिए सरकार ने टीचर्स-बच्चों के लिए जारी की गाइडलाइन

UP School Guidelines: जुलाई में स्कूल खुलने से पहले उत्तर प्रदेश सरकार ने विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर बड़ा कदम उठाया है। बेसिक शिक्षा विभाग ने भीषण गर्मी और लू से बच्चों को सुरक्षित रखने के लिए विस्तृत गाइडलाइन जारी की है। बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव पार्थसारथी सेन शर्मा के निर्देश पर तैयार इस गाइडलाइन का उद्देश्य शिक्षकों और स्कूल प्रशासन को गर्मी से बचाव, लू के लक्षणों की पहचान, प्राथमिक उपचार और आपातकालीन तैयारी के बारे में स्पष्ट दिशा-निर्देश देना है।

गाइडलाइन (UP School Guidelines) के मुताबिक, विद्यालयों में बच्चों को गर्मी और लू से बचाव के प्रति जागरूक करने की जिम्मेदारी शिक्षकों की होगी। प्रार्थना सभा, कक्षा शिक्षण और अन्य गतिविधियों के दौरान छात्रों को पर्याप्त पानी पीने, तेज धूप से बचने, हल्के और सूती कपड़े पहनने तथा पानी से भरपूर फलों का सेवन करने की सलाह दी जाएगी। साथ ही बच्चों को यह भी सिखाया जाएगा कि किसी सहपाठी की तबीयत बिगड़ने पर तुरंत शिक्षक को सूचना दें।

हर स्कूल में बनेगा ‘हीट एक्शन प्लान’

राज्य सरकार ने सभी स्कूलों को ‘हीट एक्शन प्लान’ (Heat Action Plan) तैयार करने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत प्रत्येक विद्यालय में एक स्वास्थ्य नोडल शिक्षक नियुक्त किया जाएगा, जो गर्मी से जुड़ी सभी गतिविधियों और तैयारियों की निगरानी करेगा।

स्कूलों में रहेंगी ये जरूरी सुविधाएं

सरकार ने सभी स्कूलों में निम्न व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं:

  • प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड) किट
  • ORS की उपलब्धता
  • डिजिटल थर्मामीटर
  • 108 एंबुलेंस सहित आपातकालीन चिकित्सा संपर्क
  • प्रमुख स्थानों पर गर्मी से बचाव के संदेश और आपातकालीन नंबर प्रदर्शित करना

सुबह 10 बजे से पहले होंगी बाहरी गतिविधियां

गाइडलाइन (UP School Guidelines) के अनुसार प्रार्थना सभा, खेलकूद, शारीरिक शिक्षा और अन्य बाहरी गतिविधियां सुबह 10 बजे से पहले आयोजित की जाएंगी। वहीं, ऑरेंज या रेड हीट अलर्ट जारी होने पर सभी कठिन शारीरिक और आउटडोर गतिविधियों को स्थगित रखा जाएगा।

मॉक ड्रिल और मौसम पर रहेगी नजर

विद्यालयों को गर्मी से जुड़ी घटनाओं का रिकॉर्ड रखने, समय-समय पर समीक्षा करने, भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अलर्ट पर नजर बनाए रखने और नियमित रूप से मॉक ड्रिल आयोजित करने के भी निर्देश दिए गए हैं।

Also Read: भीषण गर्मी में UP ने रचा इतिहास! 32,673 मेगावाट बिजली देकर पूरे देश में बना नंबर-1 राज्य

Get real time updates directly on you device, subscribe now.