UP Election में बाहुबली बृजेश सिंह की एंट्री! विधानसभा चुनाव लड़ने का किया ऐलान

UP Assembly Election: पूर्वांचल की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। पूर्व एमएलसी और चर्चित बाहुबली नेता बृजेश सिंह (Brijesh Singh) ने आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है। हालांकि उन्होंने अभी यह साफ नहीं किया है कि वह किस विधानसभा सीट या किस राजनीतिक दल के टिकट पर मैदान में उतरेंगे। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि वह भाजपा की बजाय एनडीए के किसी सहयोगी दल से चुनाव लड़ सकते हैं।

वाराणसी में एक कार्यक्रम के दौरान मीडिया से बातचीत में बृजेश सिंह ने कहा कि जनता की सेवा के लिए राजनीति जरूरी है और वह पहले से ही सामाजिक व राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय हैं। उन्होंने संकेत दिए कि वह पूर्वांचल की किसी सीट से चुनावी मैदान में उतर सकते हैं। वहीं, बेटे सिद्धार्थ सिंह के जौनपुर से चुनाव लड़ने की चर्चाओं को उन्होंने अफवाह बताया।

NDA के सहयोगी दल से चुनाव लड़ने की चर्चा

बृजेश सिंह के भतीजे सुशील सिंह भाजपा विधायक हैं और परिवार की भाजपा से नजदीकियां रही हैं। इसके बावजूद सियासी हलकों में अटकलें हैं कि बृजेश सिंह NDA के किसी सहयोगी दल के टिकट पर UP Assembly Election लड़ सकते हैं। सबसे ज्यादा चर्चा सुभासपा से उनकी संभावित उम्मीदवारी को लेकर हो रही है, हालांकि इस पर अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

तीन दशक से राजनीति में परिवार का दबदबा

बृजेश सिंह का परिवार पिछले करीब तीन दशक से वाराणसी की MLC राजनीति में प्रभावशाली रहा है। उनके बड़े भाई उदयभान सिंह भाजपा से एमएलसी रहे। बाद में उनकी पत्नी अन्नपूर्णा सिंह भी एमएलसी बनीं। वर्ष 2016 में बृजेश सिंह स्वयं जेल में रहते हुए एमएलसी निर्वाचित हुए, जबकि 2022 में अन्नपूर्णा सिंह ने भाजपा समर्थित उम्मीदवार को हराकर दोबारा जीत दर्ज की। उनके भतीजे सुशील सिंह लगातार चंदौली की सैयदराजा सीट से भाजपा विधायक हैं।

बृजेश सिंह का नाम पूर्वांचल में माफिया मुख्तार अंसारी के साथ लंबे समय तक चली गैंगवार को लेकर भी चर्चा में रहा। हत्या, गैंगस्टर और अपहरण समेत कई मामलों में आरोपी रहे बृजेश सिंह को 2008 में भुवनेश्वर से गिरफ्तार किया गया था। करीब 13 साल जेल में रहने के बाद वह 2022 में रिहा हुए थे। इन दिनों वह वाराणसी में सामाजिक गतिविधियों और मंदिरों के जीर्णोद्धार जैसे कार्यों में सक्रिय नजर आ रहे हैं।

Also Read: Ram Mandir Donation: प्लॉट, लग्जरी गाड़ियां… चढ़ावे की रकम कहां-कहां लगी? जांच में बड़ा खुलासा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.