लखनऊ में फिर लगी आग, जूते-चप्पल की दुकान जलकर खाक, पुलिस ने तुरंत खाली कराईं इमारतें
Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक बार फिर आग की घटनाओं ने लोगों का दहला दिया है। विकास नगर इलाके में महावीर इंटर कॉलेज के सामने स्थित बाजार में एक जूते-चप्पल की दुकान में अचानक आग लग गई। यह घटना दोपहर करीब 12 बजे की बताई जा रही है, जहां एक इमारत के भूतल और पहली मंजिल पर दुकान संचालित हो रही थी।
सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। एहतियात के तौर पर आसपास की इमारतों को खाली कराया गया और राहत कार्य शुरू किया गया। आग फैलने से रोकने के लिए आसपास के घरों से एलपीजी सिलेंडर और अन्य ज्वलनशील सामान भी सुरक्षित स्थान पर हटाया गया।
दमकल की दो गाड़ियों की मदद से करीब एक घंटे में आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन दुकान के अंदर रखा सारा सामान जलकर राख हो गया।
चिनहट में अपार्टमेंट की पांचवीं मंजिल पर आग
दूसरी घटना चिनहट थाना क्षेत्र की है, जहां रामा डिग्री कॉलेज के पास स्थित एक अपार्टमेंट की पांचवीं मंजिल पर आग लग गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया।
यह आग अपार्टमेंट के एक कमरे तक ही सीमित रही और लगभग आधे घंटे की मशक्कत के बाद उस पर काबू पा लिया गया। उस समय वहां तीन लोग मौजूद थे, लेकिन सभी सुरक्षित बच गए। बताया गया कि यह भवन होम-स्टे और कार्यालय के रूप में उपयोग किया जाता है।
शॉर्ट सर्किट की आशंका, कोई जनहानि नहीं
प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद होगी। दोनों घटनाओं में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, जिससे बड़ी राहत मिली है।
गौरतलब है कि एक सप्ताह पहले लखनऊ के अलीगंज इलाके में तीन मंजिला व्यावसायिक इमारत में भीषण आग लगी थी, जिसमें 15 लोगों की मौत हो गई थी और 9 लोग घायल हुए थे। इस हादसे के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटनास्थल का दौरा किया था और जांच के आदेश दिए थे। सरकार ने पीड़ित परिवारों को मुआवजा और एसआईटी जांच के निर्देश भी दिए थे।

