PM Modi का नाम लेकर Pakistan की नई गीदड़भभकी, बोला- ‘पानी रोका तो हाथ काट देंगे’

Sandesh Wahak Digital Desk: Indus Waters Treaty (सिंधु जल समझौता) को लेकर भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ गया है। पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन मंत्री मुसादिक मलिक ने भारत को लेकर विवादित बयान देते हुए कहा कि अगर किसी ने पाकिस्तान के हिस्से का पानी रोकने की कोशिश की, तो “उसके हाथ काट दिए जाएंगे।” बयान के दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भी जिक्र किया और भारत पर पानी की आपूर्ति नियंत्रित करने का आरोप लगाया।

संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में सूचना मंत्री अताउल्लाह तरार के साथ मौजूद मलिक ने दावा किया कि भारत पानी की सप्लाई पर दबाव बनाने की कोशिश कर रहा है। उनके मुताबिक, पाकिस्तान अपने जल अधिकारों से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं करेगा।

‘पानी हमारी रेड लाइन’ बताकर दी चेतावनी

प्रेस कॉन्फ्रेंस में अताउल्लाह तरार ने कहा कि सिंधु जल समझौता (Indus Waters Treaty) एक कानूनी रूप से बाध्यकारी संधि है और भारत इसे एकतरफा खत्म या संशोधित नहीं कर सकता। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और सेना प्रमुख आसिम मुनीर पहले ही साफ कर चुके हैं कि पाकिस्तान के लिए पानी ‘लाइफलाइन’ और ‘रेड लाइन’ दोनों है। इस मुद्दे पर पाकिस्तान ने इस्लामाबाद में अंतरराष्ट्रीय सेमिनार भी आयोजित करने की घोषणा की है।

पहलगाम हमले के बाद भारत ने बदला था रुख

भारत ने अप्रैल 2025 में पहलगाम आतंकी हमले के बाद सिंधु जल समझौते (Indus Waters Treaty) को स्थगित कर दिया था। उस हमले में 26 लोगों की मौत हुई थी। भारत का कहना है कि जब तक पाकिस्तान सीमा पार आतंकवाद पर ठोस और भरोसेमंद कार्रवाई नहीं करता, तब तक इस समझौते को बहाल करने का सवाल ही नहीं उठता।

भारत ने इसके साथ ही अपनी जल परियोजनाओं की रफ्तार भी बढ़ा दी है, जिससे पाकिस्तान लगातार आपत्ति जता रहा है।

UNHRC में भी भारत ने दिया था सख्त संदेश

संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद (UNHRC) में भारत ने पाकिस्तान को स्पष्ट संदेश दिया था कि जो देश आतंकवाद को बढ़ावा देता है, वह दोस्ती और सहयोग पर आधारित समझौतों का विशेषाधिकार नहीं मांग सकता। भारत का कहना है कि मौजूदा परिस्थितियों में 1960 का सिंधु जल समझौता नई सुरक्षा चुनौतियों के अनुरूप समीक्षा की मांग करता है।

इससे पहले पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ भी पानी के मुद्दे पर भारत के खिलाफ युद्ध जैसी धमकी दे चुके हैं।

Also Read: खामेनेई के जनाजे में भारत होगा शामिल, PM मोदी की जगह जाएंगे ये दो वरिष्ठ प्रतिनिधि

Get real time updates directly on you device, subscribe now.