पश्चिम बंगाल: तेल रिफाइनरी की पाइपलाइन में भीषण आग, 20 लोग झुलसे, 6 की हालत गंभीर

Haldia Petrochemicals Fire: पश्चिम बंगाल के औद्योगिक शहर हल्दिया में मंगलवार सुबह बड़ा औद्योगिक हादसा हो गया। Haldia Petrochemicals Limited (HPL) की नैफ्था (Naphtha) ले जाने वाली मुख्य पाइपलाइन में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और आसपास मौजूद कम से कम 20 लोग झुलस गए, जिनमें 6 की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है। घायलों को पहले स्थानीय अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि गंभीर रूप से झुलसे लोगों को बेहतर इलाज के लिए कोलकाता रेफर किया जा रहा है।

यह हादसा पूर्वी मिदनापुर जिले में मंगलवार तड़के हुआ। आग इतनी भयावह थी कि दूर-दूर तक काले धुएं का गुबार दिखाई देने लगा। सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल और प्रशासन की कई टीमें मौके पर पहुंचीं। घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। फिलहाल इलाके में कूलिंग ऑपरेशन जारी है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

कंपनी ने जताई तेल चोरी की आशंका

घटना के बाद HPL ने आधिकारिक बयान जारी कर बताया कि शुरुआती जानकारी के अनुसार आग उस स्थान के पास लगी, जहां से कथित तौर पर नैफ्था की अवैध चोरी किए जाने की आशंका है।

कंपनी ने कहा कि नैफ्था बेहद ज्वलनशील हाइड्रोकार्बन है और इसकी पाइपलाइन से किसी भी तरह की छेड़छाड़ जानलेवा साबित हो सकती है। इसी वजह से स्थानीय लोगों को पहले भी कई बार पेट्रोलियम उत्पादों तक अनधिकृत पहुंच बनाने से बचने की चेतावनी दी जा चुकी थी।

जांच शुरू, असली वजह का इंतजार

हालांकि, पुलिस और कंपनी दोनों ने स्पष्ट किया है कि आग लगने की असली वजह अभी सामने नहीं आई है। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। कंपनी ने कहा कि वह सभी जांच एजेंसियों को पूरा सहयोग दे रही है और जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

Also Read: Delhi News: 1 जुलाई से लागू होगी नई EV पॉलिसी, CM रेखा गुप्ता ने किया…

Get real time updates directly on you device, subscribe now.