राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर ट्रस्ट का घेराव करने जा रहे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय नजरबंद

Ayodhya News: उत्तर प्रदेश के अयोध्या में स्थित भव्य श्रीराम मंदिर में चढ़ावे और दान राशि को लेकर सामने आई कथित गड़बड़ियों के बाद राज्य की राजनीति में भूचाल आ गया है। इस मुद्दे पर राम मंदिर ट्रस्ट को घेरने और रामलला के दर्शन करने पहुंचे कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय समेत कई दिग्गज नेताओं को पुलिस ने रास्ते में ही रोक दिया। कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश सरकार की इस कार्रवाई को लोकतंत्र की हत्या और विपक्ष का दमन बताया है, जबकि जिला प्रशासन का तर्क है कि कानून-व्यवस्था और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह एहतियाती कदम उठाया गया है।

होटल से आधी रात को हिरासत में लिए गए अजय राय

पार्टी के प्रदेश मुखिया अजय राय की अगुवाई में कांग्रेस का 9 सदस्यीय हाई-प्रोफाइल डेलिगेशन मंगलवार को अयोध्या पहुंचने वाला था। इस दौरे का मकसद रामलला के दर्शन करना, मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारियों से मिलकर कथित घोटाले पर जवाब मांगना और दफ्तर का घेराव करना था। लेकिन इस योजना से ठीक पहले सोमवार की देर रात पुलिस ने कड़ा रुख अपनाते हुए अजय राय को अयोध्या के एक होटल से हिरासत में ले लिया। कांग्रेस नेताओं का दावा है कि उन्हें ‘हाउस अरेस्ट’ (नजरबंद) करके जबरन आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के गेस्ट हाउस भेज दिया गया।

सवालों से डरकर विपक्ष की आवाज दबा रही भाजपा: कांग्रेस

नजरबंदी के बाद अजय राय ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि राम मंदिर की भूमि खरीद में हुए कथित घोटालों और चढ़ावे की चोरी के सवालों से बचने के लिए सरकार तानाशाही पर उतारू है। अजय राय ने कहा, हम तो केवल प्रभु श्रीराम के चरणों में यह प्रार्थना करने जा रहे थे कि दान राशि में हेराफेरी के कारण इस पवित्र धाम की जो बदनामी हो रही है, उसे भगवान दूर करें। अगर जरूरत पड़ी तो हम अन्न-जल त्याग देंगे और जेल जाने को भी तैयार हैं। उन्होंने साफ किया कि इस पूरे मामले की एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर कांग्रेस नेता राहुल गांधी को भेजी जाएगी, जिसके आधार पर संसद के आगामी मानसून सत्र में केंद्र सरकार को घेरा जाएगा।

किशोरी लाल शर्मा भी पहुंचे अयोध्या

कांग्रेस का आरोप है कि अजय राय के इस अभियान को विफल करने के लिए राज्य के कई जिलों में पार्टी पदाधिकारियों के घरों के बाहर पुलिस का पहरा बैठा दिया गया ताकि वे अयोध्या न कूच कर सकें। इन तमाम बंदिशों के बावजूद सांसद किशोरी लाल शर्मा देर रात अयोध्या पहुंचने में कामयाब रहे। उन्होंने भी प्रशासन पर दर्शन न करने देने का आरोप लगाते हुए कहा, सरकार मंदिर में चढ़ावे की चोरी को तो रोक नहीं पा रही है, लेकिन सच्चे रामभक्तों को भगवान के दर पर जाने से रोक रही है।

इस पूरे घटनाक्रम के बीच अजय राय की पत्नी रीना राय ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो संदेश जारी कर पति की सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने सीधे तौर पर सरकार को कठघरे में खड़ा करते हुए कहा कि उनके पति की आवाज को कुचलने की कोशिश की जा रही है। रीना राय ने चेतावनी दी कि यदि नजरबंदी के दौरान उनके पति को किसी भी प्रकार की शारीरिक क्षति या नुकसान पहुंचता है, तो इसकी जवाबदेही पूरी तरह से उत्तर प्रदेश शासन और भाजपा सरकार की होगी।

Also Read: IPL खिलाड़ी शशांक सिंह पर नौकर से मारपीट और जबरन काम कराने का आरोप, केस दर्ज

Get real time updates directly on you device, subscribe now.