यूपी एसटीएफ को बड़ी सफलता, चंदौली का इनामी गो तस्कर नुरुल खान बिहार से गिरफ्तार
Chandauli News: उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। एसटीएफ की प्रयागराज फील्ड इकाई ने चंदौली जनपद के थाना चंदौली में दर्ज गोबध निवारण और पशु क्रूरता अधिनियम के तहत वांछित तथा 50,000 रुपये के इनामी अपराधी नूरुल खान को बिहार के गया जिले से धर दबोचा है। अभियुक्त काफी समय से कानून की नजरों से बचकर बिहार में छिपा हुआ था।
एसटीएफ की टीम को मुखबिर और अभिसूचना संकलन के जरिए सूचना मिली थी कि आरोपी नूरुल खान गया (बिहार) में अपना ठिकाना बदलकर रह रहा है। इस इनपुट पर कार्रवाई करते हुए पुलिस उपाधीक्षक शैलेश प्रताप सिंह के पर्यवेक्षण और निरीक्षक जय प्रकाश राय के नेतृत्व में गठित टीम ने गया के बाराचट्टी थाना क्षेत्र स्थित एक ब्यूटी पार्लर के सामने घेराबंदी की। उपनिरीक्षक गुलजार सिंह और उनकी टीम ने मंगलवार रात (30 जून) करीब 8:25 बजे अभियुक्त को रंगे हाथ दबोच लिया।
कानपुर से बिहार ले जा रहा था गोवंश
कड़ाई से हुई पूछताछ में गिरफ्तार नूरुल खान ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उसने बताया कि वह पेशे से ट्रक और कंटेनर चालक है। 7 जनवरी 2025 को वह अपने मालिक फिरोज के कहने पर कानपुर से एक कंटेनर (वाहन संख्या: BR02GA6205) में बेहद क्रूरता के साथ 30 गोवंश लादकर बिहार ले जा रहा था।
सफर के दौरान जब वह चंदौली थाना क्षेत्र में पहुंचा, तो वहां सड़क पर भारी जाम लगा हुआ था। उसी समय पुलिसकर्मी यातायात व्यवस्था सुचारू करा रहे थे। पुलिस को देखते ही नूरुल खान गिरफ्तारी के डर से कंटेनर को बीच सड़क पर ही छोड़कर रफूचक्कर हो गया था। इस घटना के बाद चंदौली थाने में उसके खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 06/2025 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS), गोबध निवारण अधिनियम और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया था। बाद में पुलिस ने उस पर 50 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया था।
एसटीएफ की टीम ने गिरफ्तार करने के बाद कानूनी औपचारिकताओं को पूरा करते हुए अभियुक्त नूरुल खान को चंदौली जनपद के संबंधित थाने में दाखिल कर दिया है। स्थानीय पुलिस अब मामले में आगे की विधिक कार्रवाई और कोर्ट में पेशी की प्रक्रिया पूरी कर रही है। एसटीएफ अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों और वाहन मालिक की तलाश में जुटी है।
Also Read: Toxic Teaser: यश की फिल्म में 5 एक्ट्रेस की पहली झलक, डबल रोल ने बढ़ाया सस्पेंस

