श्रीसंत पर लगा 3 साल का बैन हटा, KCA ने दिया राहत भरा फैसला

S Sreesanth: पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज एस. श्रीसंत को बड़ी राहत मिली है। केरल क्रिकेट एसोसिएशन (KCA) ने उन पर लगाया गया तीन साल का प्रतिबंध वापस लेने का फैसला किया है। यह निर्णय श्रीसंत द्वारा एसोसिएशन से बिना शर्त माफी मांगने के बाद लिया गया है।

KCA ने श्रीसंत पर आरोप लगाया था कि उन्होंने दृश्य और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर ऐसे बयान दिए, जिससे एसोसिएशन की छवि प्रभावित हुई। इसी कारण उन पर तीन साल का प्रतिबंध लगाया गया था। बाद में उन्होंने इस फैसले को तिरुवनंतपुरम मुनसिफ कोर्ट में चुनौती दी, लेकिन उनकी याचिका खारिज हो गई।

इसके बाद श्रीसंत ने KCA को आधिकारिक तौर पर माफीनामा भेजते हुए अपने बयानों पर खेद जताया।

सर्वसम्मति से हटाया गया प्रतिबंध

1 जुलाई 2026 को केसीए की विशेष आम सभा में इस मामले पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि चूंकि श्रीसंत ने बिना किसी शर्त के माफी मांगी है, इसलिए उनका प्रतिबंध हटाया जाता है।

हालांकि, एसोसिएशन ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि भविष्य में उन्होंने फिर से ऐसा कोई आचरण किया तो उनके खिलाफ कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

अब KCL में निभा सकेंगे बड़ी भूमिका

प्रतिबंध हटने के बाद अब एस. श्रीसंत केरल क्रिकेट लीग (KCL) के तीसरे सीजन में अपनी भूमिका निभा सकेंगे। वह एरीज कोल्लम सेलर्स फ्रेंचाइजी के सह-मालिक हैं और अब दोबारा टीम से जुड़ सकेंगे।

एस. श्रीसंत ने भारत के लिए तीनों फॉर्मेट में खेला है। उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में 27 मैचों में 87 विकेट, वनडे में 53 मैचों में 75 विकेट और टी20 अंतरराष्ट्रीय में 10 मैचों में 7 विकेट लिए हैं। घरेलू क्रिकेट में भी उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 74 प्रथम श्रेणी मैचों में 213 विकेट झटके हैं।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.