Raja Raghuvanshi Murder Case: सोनम की जमानत के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट जाएगा परिवार, HC ने खारिज की थी याचिका

Raja Raghuvanshi Murder Case : हनीमून के दौरान हत्या के शिकार हुए राजा रघुवंशी के परिवार ने मुख्य आरोपी सोनम रघुवंशी को मिली जमानत रद्द कराने के लिए सुप्रीम कोर्ट जाने का फैसला किया है। इंदौर निवासी सोनम रघुवंशी को पिछले साल अपने कारोबारी पति राजा रघुवंशी की हत्या के मामले में गिरफ्तार किया गया था।

मेघालय हाईकोर्ट ने सोमवार को राज्य सरकार की उस याचिका को खारिज कर दिया, जिसमें निचली अदालत द्वारा 27 अप्रैल को सोनम को दी गई जमानत रद्द करने की मांग की गई थी।

परिवार बोला- अब खुद लड़ेगा कानूनी लड़ाई

राजा रघुवंशी के बड़े भाई विपिन रघुवंशी ने पीटीआई से बातचीत में कहा कि परिवार सोनम की जमानत रद्द कराने के लिए जल्द ही सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर करेगा। उन्होंने कहा कि अभियोजन पक्ष की ओर से जिस तरह इस मामले को संभाला गया, उससे परिवार संतुष्ट नहीं है। अब परिवार निजी वकील की मदद से खुद कानूनी लड़ाई लड़ेगा।

उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें अब तक समझ नहीं आया कि गिरफ्तारी के समय मेघालय पुलिस ने सोनम को गिरफ्तारी के आधार की जानकारी क्यों नहीं दी।

मेघालय हाईकोर्ट की एकल पीठ ने कहा कि गिरफ्तारी के दौरान जिस तरीके से कारणों की जानकारी दी गई, वह गिरफ्तारी प्रक्रिया में गंभीर कमी को दर्शाता है। अदालत ने माना कि भारतीय संविधान के अनुच्छेद 22(1) और भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 47(1) के प्रावधानों का उल्लंघन हुआ है।

हनीमून के दौरान हुई थी हत्या, आठ आरोपी गिरफ्तार

राजा और सोनम शादी के बाद 21 मई को हनीमून मनाने शिलांग पहुंचे थे। 26 मई को दोनों के लापता होने की सूचना मिली, जिसके बाद पुलिस और स्थानीय लोगों ने उनकी तलाश शुरू की।

2 जून को सोहरा स्थित प्रसिद्ध वेई सॉडोंग फॉल्स के पास उम्बलाई क्षेत्र की एक गहरी खाई से राजा रघुवंशी का शव बरामद किया गया।

पुलिस जांच के अनुसार, सोनम रघुवंशी का राज कुशवाहा के साथ कथित प्रेम संबंध था। आरोप है कि दोनों ने मिलकर हनीमून को हत्या की साजिश का जरिया बनाया। पुलिस का कहना है कि सोनम की मौजूदगी में आकाश सिंह राजपूत, विशाल सिंह चौहान और आनंद कुर्मी ने राजा की हत्या की। इस मामले में अब तक कुल आठ लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.