राम मंदिर चढ़ावा चोरी केस में बड़ा एक्शन, अब आरोपियों पर लग सकता है गैंगस्टर एक्ट

Ayodhya Ram Mandir Scam News: अयोध्या के राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में अब पुलिस बड़ी कार्रवाई की तैयारी में है। जांच में सामने आए साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत भी केस दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरोहबंद अधिनियम के तहत कार्रवाई के लिए कानूनी राय ली जा रही है।

SIT जांच के बाद तेज हुई कार्रवाई

राम मंदिर चढ़ावा चोरी का मामला जून के पहले सप्ताह में सामने आया था। शुरुआत में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने अपने स्तर पर जांच कर पुलिस के साथ छापेमारी की, जिसमें नकदी बरामद हुई। मामला बढ़ने पर राज्य सरकार ने विशेष जांच दल (SIT) से जांच कराने का फैसला लिया। एक सप्ताह तक चली जांच में चोरी से जुड़े साक्ष्य मिलने के बाद कार्रवाई तेज कर दी गई।

SIT रिपोर्ट के आधार पर ट्रस्ट सदस्य कृष्णमोहन की शिकायत पर 8 नामजद और अन्य आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई। इसके बाद पुलिस ने रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू, मनीष यादव, अनुकल्प मिश्रा, लवकुश मिश्रा, अविनाश शुक्ला, रमाशंकर मिश्रा और करुणेश पांडेय को गिरफ्तार किया।

गैंगस्टर एक्ट लगाने की तैयारी

पुलिस ने जेल में बंद आरोपियों से लंबी पूछताछ की और उनके घरों पर छापेमारी में लाखों रुपये की नकदी और आभूषण बरामद किए। दोबारा तलाशी भी जारी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में यह संकेत मिले हैं कि चोरी कथित तौर पर संगठित तरीके से की गई, इसलिए गैंगस्टर एक्ट लगाने के पर्याप्त आधार मौजूद हैं।

15 जुलाई तक बढ़ी SIT जांच की समयसीमा

इस बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने SIT की जांच अवधि 15 जुलाई तक बढ़ा दी है। अतिरिक्त समय की मांग SIT ने विभिन्न पहलुओं की गहराई से जांच के लिए की थी। अब टीम को 15 जुलाई तक अपनी अंतिम रिपोर्ट सरकार को सौंपनी होगी।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.