Venezuela में अब तक 2,200 से ज्यादा मौतें, राहत बचाव के लिए मेक्सिको ने भेजी स्पेशल रेस्क्यू टीम
Venezuela Earthquake: वेनेजुएला में आए विनाशकारी भूकंप के बाद हालात लगातार गंभीर होते जा रहे हैं। अब तक 2,200 से अधिक लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 11 हजार से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। मृतकों की संख्या बढ़ने और मलबे में लोगों के फंसे होने की आशंका के बीच मेक्सिको की विश्व प्रसिद्ध रेस्क्यू टीम ‘टोपोस एज्टेका’ (Topos Azteca) को राहत और बचाव कार्य के लिए वेनेजुएला भेजा गया है।
भूकंप (Venezuela Earthquake) के करीब एक सप्ताह बाद भी कई इलाकों में बचाव अभियान जारी है। सबसे ज्यादा तबाही ला गुआरा राज्य में हुई, जहां कई बहुमंजिला इमारतें और रिहायशी मकान पूरी तरह ढह गए। अंतरराष्ट्रीय रेस्क्यू टीमें दिन-रात मलबा हटाकर जीवित लोगों की तलाश में जुटी हैं, हालांकि समय बीतने के साथ बचाव अभियान और चुनौतीपूर्ण होता जा रहा है।
मेक्सिको से रवाना हुई टीम के साथ अत्याधुनिक रेस्क्यू उपकरणों के अलावा बड़ी संख्या में बॉडी बैग भी भेजे गए हैं, ताकि मृतकों के शवों को सम्मानपूर्वक बाहर निकाला जा सके।
क्या है ‘टोपोस’ टीम की खासियत?
‘टोपोस’ मेक्सिको का एक स्वयंसेवी बचाव संगठन है, जिसकी स्थापना 1985 में मेक्सिको सिटी में आए भीषण भूकंप के बाद हुई थी। स्पेनिश में ‘टोपोस’ का अर्थ ‘छछूंदर’ होता है। यह नाम इसलिए पड़ा क्योंकि टीम के सदस्य बेहद संकरी जगहों और मलबे के भीतर बने छोटे रास्तों से रेंगते हुए फंसे लोगों तक पहुंचने में माहिर हैं।
टीम थर्मल कैमरे, संवेदनशील माइक्रोफोन और अन्य आधुनिक उपकरणों की मदद से मलबे के नीचे मौजूद लोगों की हलचल और शरीर की गर्मी का पता लगाती है।
रेस्क्यू ऑपरेशन की अनोखी तकनीक

बचाव अभियान के दौरान टोपोस टीम एक विशेष संकेत प्रणाली का इस्तेमाल करती है। जब कोई रेस्क्यू सदस्य हवा में मुट्ठी बंद कर हाथ उठाता है, तो इसका मतलब होता है कि सभी लोग तुरंत पूरी तरह शांत हो जाएं।
इस खामोशी के बीच बचावकर्मी मलबे के नीचे से आने वाली किसी भी हल्की आवाज या खटखटाहट को सुनने की कोशिश करते हैं। इसके बाद फावड़े, हथौड़े और अन्य उपकरणों से बेहद सावधानी के साथ मलबा हटाया जाता है, ताकि दबे हुए लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा सके और अतिरिक्त नुकसान न हो।
Also Read: सिंधु जल विवाद पर पाकिस्तान का बयान, बिलावल भुट्टो ने भारत को दी परमाणु चेतावनी

