पेपर लीक की आशंका के बीच आज से UP TET 2026 परीक्षा, 955 केंद्रों पर STF की पैनी नजर

UP TET 2026 Exam: उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा गुरुवार, 2 जुलाई से शुरू हो रही है। तीन दिन तक चलने वाली इस परीक्षा में करीब 20 लाख अभ्यर्थी हिस्सा लेंगे। परीक्षा 60 जिलों के 955 केंद्रों पर कुल 5 पालियों में आयोजित होगी। महाराष्ट्र में हाल ही में हुए टीईटी पेपर लीक मामले को देखते हुए इस बार सुरक्षा व्यवस्था पहले से कहीं ज्यादा सख्त कर दी गई है।

उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने परीक्षा को पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से कराने का दावा किया है। वर्ष 2021 में पेपर लीक की घटना के बाद इस बार एसटीएफ और खुफिया एजेंसियों को विशेष निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। कई कोचिंग संचालकों पर भी नजर रखी जा रही है और संदिग्ध गतिविधियों की जांच जारी है।

60 जिलों में होगी परीक्षा, 5 पालियों में आयोजन

इस बार परीक्षा दो, तीन और चार जुलाई को होगी।

  • 2 जुलाई: उच्च प्राथमिक स्तर
  • 3 जुलाई: पहली पाली- उच्च प्राथमिक, दूसरी पाली- प्राथमिक
  • 4 जुलाई: पहली पाली- प्राथमिक स्तर

कुल 19,94,661 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया है। इनमें 17,67,180 उत्तर प्रदेश के और 2,27,481 अन्य राज्यों के अभ्यर्थी शामिल हैं। वहीं 1,85,791 सेवारत शिक्षक और 18,08,870 नए अभ्यर्थी भी परीक्षा देंगे।

सबसे अधिक परीक्षा केंद्र और अभ्यर्थियों वाले जिलों में वाराणसी, प्रयागराज, लखनऊ, गोरखपुर, कानपुर नगर, मेरठ, मऊ, मुरादाबाद, आगरा और जौनपुर शामिल हैं। सबसे ज्यादा 67,597 अभ्यर्थियों ने जौनपुर से आवेदन किया है, जबकि लद्दाख से केवल एक उम्मीदवार पंजीकृत है।

उत्तर प्रदेश के अलावा बिहार, मध्य प्रदेश, दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा, झारखंड, उत्तराखंड और पश्चिम बंगाल समेत कई राज्यों से अभ्यर्थी परीक्षा (UP TET 2026 Exam) देने पहुंच रहे हैं। इसे देखते हुए रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और प्रमुख यातायात केंद्रों पर विशेष सहायता व्यवस्था की गई है।

सरकार ने दिए खास निर्देश

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि परीक्षा (UP TET 2026 Exam) के दौरान अभ्यर्थियों को परिवहन, यातायात और अन्य सुविधाओं में किसी तरह की परेशानी न हो। जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त बसों और स्थानीय परिवहन की व्यवस्था की जाएगी। साथ ही होटल, ढाबों और दुकानों पर खाद्य एवं पेय पदार्थों के दाम अनावश्यक रूप से न बढ़ाने के भी निर्देश दिए गए हैं।

Also Read: अब UP हर गांव में होगा अपना पंचायत सचिव, सरकार ने 13,116 पदों पर भर्ती को दी मंजूरी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.