Kanpur में ‘लव जिहाद’ का मामला, दो हिंदू महिलाओं से शादी, धर्म परिवर्तन के दबाव का आरोप
Kanpur Love Jihad Case: उत्तर प्रदेश के कानपुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। पनकी थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है, जिस पर अपनी पहचान छिपाकर दो महिलाओं से शादी करने, उन्हें बंधक बनाकर रखने और पहली पत्नी पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने जैसे गंभीर आरोप लगे हैं। पुलिस ने रतनपुर स्थित एक अपार्टमेंट में छापेमारी कर दोनों महिलाओं और एक बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाला। मामले की जांच जारी है और पुलिस सभी आरोपों की पुष्टि में जुटी है।
पुलिस के अनुसार, पहली महिला का आरोप है कि आरोपी ने खुद को हिंदू बताकर करीब आठ वर्ष पहले उससे हिंदू रीति-रिवाजों से शादी की। शादी के बाद दोनों लखनऊ में रहने लगे। कुछ समय बाद महिला को आरोपी की वास्तविक पहचान का पता चला।
महिला का आरोप है कि इसके बाद उस पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया गया। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट और प्रताड़ना की गई। इन आरोपों की जांच पुलिस कर रही है।
दूसरी महिला को भी कथित तौर पर बनाया शिकार
जांच में सामने आया कि आरोपी हाल ही में पहली महिला और बच्चे को लेकर कानपुर आया। आरोप है कि उसने यहां अपनी पहचान छिपाकर एक दूसरी हिंदू महिला से भी शादी कर ली।
पीड़ित पक्ष का दावा है कि आरोपी दोनों महिलाओं और बच्चे को रतनपुर स्थित कामदगिरि अपार्टमेंट में जबरन रखे हुए था। इसकी जानकारी मिलने पर एक हिंदू संगठन ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर महिलाओं को सुरक्षित बाहर निकाला और आरोपी को हिरासत में ले लिया।
पुलिस क्या कह रही है?
एसीपी पनकी अमित चौरसिया के मुताबिक, पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति अपनी पहचान छिपाकर महिलाओं को बंधक बनाए हुए है। मौके पर पहुंचकर महिलाओं को सुरक्षित निकाला गया और आरोपी को हिरासत में लिया गया।
पुलिस का कहना है कि पहली महिला के बयान के आधार पर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव, घरेलू हिंसा और धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं में जांच शुरू कर दी गई है। दूसरी महिला से भी पूछताछ की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बजरंग दल ने की सख्त कार्रवाई की मांग
मामले में बजरंग दल के महानगर प्रभारी नरेश तोमर ने इसे गंभीर मामला बताते हुए आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। उनका दावा है कि संगठन को सूचना मिलने के बाद पुलिस को अवगत कराया गया, जिसके बाद महिलाओं को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि क्या इसी तरह के अन्य मामले भी उससे जुड़े हैं। अधिकारियों का कहना है कि सभी तथ्यों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही की जाएगी।
Also Read: Lucknow के समिट बिल्डिंग में Fake Call Centre का भांडाफोड़, 100 से ज्यादा लोग हिरासत में

