Siddharthnagar News: UPTET परीक्षा को लेकर डीएम और एसएसपी ने केंद्र का किया औचक निरीक्षण
Siddharthnagar News: उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET)-2026 की शुचिता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सिद्धार्थनगर का जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। गुरुवार को प्रथम पाली की परीक्षा के दौरान जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन ने संयुक्त रूप से जय किसान इंटर कॉलेज, सकतपुर सनई परीक्षा केंद्र का सघन निरीक्षण किया।
इस दौरान दोनों आला अधिकारियों ने केंद्र पर सुरक्षा इंतजामों, अभ्यर्थियों की चेकिंग प्रक्रिया और सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया। अधिकारियों ने मौके पर तैनात सुरक्षाकर्मियों और स्टेटिक मजिस्ट्रेटों को पूरी सतर्कता बरतने के कड़े निर्देश दिए।

गड़बड़ी करने वालों पर होगी सख्त कानूनी कार्रवाई
निरीक्षण के बाद मीडिया से बात करते हुए जिलाधिकारी और एसएसपी ने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि परीक्षा की पवित्रता से खिलवाड़ करने वाले किसी भी शरारती तत्व या सॉल्वर गैंग को बख्शा नहीं जाएगा। परीक्षा को नकल विहीन और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए केंद्र के भीतर और बाहर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं।
किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता सामने आने पर संबंधित के खिलाफ तत्काल कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी। राहत की बात यह रही कि औचक निरीक्षण के दौरान जय किसान इंटर कॉलेज केंद्र पर प्रशासन द्वारा की गई सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त और संतोषजनक पाई गईं।
रिपोर्ट- जाकिर खान
Also Read: Moradabad News: सरकारी नौकरी के नाम पर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के 2 शातिर गिरफ्तार

