‘दूसरों का भविष्य बताते हैं, अब दोषियों का नाम क्यों नहीं?’ धीरेंद्र शास्त्री पर बरसे चंद्रशेखर, बताया ढोंगी बाबा
Sandesh Wahak Digital Desk: राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले को लेकर अब सियासी बयानबाजी भी तेज हो गई है। नगीना से सांसद और आज़ाद समाज पार्टी के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने बिना नाम लिए धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री पर तीखा निशाना साधा है। उन्होंने सवाल उठाया कि जो लोग पर्ची के जरिए दूसरों का भूत-भविष्य बताने का दावा करते हैं, वे अब राम मंदिर से जुड़े कथित दोषियों का नाम बताने से क्यों बच रहे हैं।
यह बयान धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की उस टिप्पणी के बाद आया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि यदि उन्होंने बड़े नामों का खुलासा किया तो उनकी जान को खतरा हो सकता है।
‘चमत्कार नहीं, कानून पर भरोसा करें’
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर किए गए पोस्ट में चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि जब ईश्वर के नाम पर चमत्कार और पर्ची की बातें की जाती हैं, तो ईश्वर के ही मंदिर से जुड़े मामले में चुप्पी क्यों है। उन्होंने लोगों से अंधविश्वास से दूर रहकर संविधान, कानून और निष्पक्ष जांच पर भरोसा करने की अपील की। उनका कहना था कि न्याय किसी चमत्कार से नहीं, बल्कि कानूनी प्रक्रिया से मिलेगा।
धीरेंद्र शास्त्री ने क्या कहा था?
हाल ही में एक कार्यक्रम के दौरान धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा था कि राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में अभी सिर्फ “छोटी मछलियां” पकड़ी गई हैं। उन्होंने दावा किया कि वे बड़े नामों को जानते हैं, लेकिन उनका खुलासा करने पर उनकी जान को खतरा हो सकता है। इसी बयान के बाद यह राजनीतिक विवाद और तेज हो गया।
SIT जांच और पुलिस कार्रवाई जारी
राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले की जांच फिलहाल विशेष जांच दल (SIT) कर रहा है। अब तक की जांच के आधार पर पुलिस आठ नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। सूत्रों के मुताबिक, पुलिस इस मामले में गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की संभावनाओं पर भी कानूनी राय ले रही है। वहीं एसआईटी मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
Also Read: राहुल गांधी के खिलाफ लगे माफीवीर के पोस्टर, BJP नेता ने ओरी और सॉरी मीम से साधा निशाना

