यूजरनेम विवाद गहराया, WhatsApp के बाद Telegram और Signal को भी सरकार ने भेजा नोटिस
Signal & Telegram Username row: यूजरनेम फीचर को लेकर केंद्र सरकार का रुख और सख्त होता नजर आ रहा है। WhatsApp के बाद अब इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) ने Telegram और Signal को भी नोटिस जारी किया है। सरकार ने दोनों मैसेजिंग प्लेटफॉर्म से पूछा है कि उनके यूजरनेम फीचर का गलत इस्तेमाल रोकने के लिए क्या सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं।
समाचार एजेंसी PTI के मुताबिक, मंत्रालय ने खास तौर पर फर्जी पहचान, ऑनलाइन ठगी और साइबर अपराधों की आशंका को लेकर जवाब तलब किया है। सरकार यह जानना चाहती है कि यूजरनेम फीचर को सुरक्षित बनाए रखने के लिए कंपनियों ने कौन-कौन से तकनीकी और सुरक्षा उपाय अपनाए हैं।
सरकार की बढ़ी चिंता
केंद्र सरकार का मानना है कि Username के जरिए बिना मोबाइल नंबर साझा किए संपर्क संभव होने से साइबर अपराधी फर्जी पहचान बनाकर लोगों को निशाना बना सकते हैं। इसी वजह से मंत्रालय इस फीचर के संभावित दुरुपयोग की गहन समीक्षा कर रहा है।
इससे एक दिन पहले ही सरकार ने Meta को भी WhatsApp के प्रस्तावित यूजरनेम फीचर पर नोटिस भेजा था। सरकार ने कंपनी से फीचर की कार्यप्रणाली, सुरक्षा व्यवस्था और इसके संभावित जोखिमों पर विस्तृत जानकारी मांगी थी।
अब Telegram और Signal को नोटिस भेजे जाने के बाद साफ संकेत हैं कि सरकार सभी प्रमुख मैसेजिंग प्लेटफॉर्म पर लागू यूजरनेम सिस्टम (Username System) की समीक्षा कर रही है। आने वाले दिनों में इन कंपनियों के जवाब के आधार पर आगे की कार्रवाई या नए दिशा-निर्देश जारी किए जा सकते हैं।

