दिव्यांगों को CM Yogi का बड़ा तोहफा! अनुदान राशि में 50% बढ़ोतरी करने के निर्देश

CM Yogi Decision: उत्तर प्रदेश सरकार ने मानसिक मंदित और निराश्रित दिव्यांगजनों के लिए बड़ी राहत का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आश्रय गृह सह प्रशिक्षण केंद्रों और हाफ-वे होम में रहने वाले संवासियों की मासिक अनुदान राशि 2,000 रुपये से बढ़ाकर 3,000 रुपये करने के निर्देश दिए हैं। सरकार का मानना है कि बढ़ती महंगाई के बीच बेहतर भोजन, स्वास्थ्य सुविधाएं और गरिमापूर्ण जीवन सुनिश्चित करने के लिए यह फैसला जरूरी है।

मुख्यमंत्री ने दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग की समीक्षा बैठक में कहा कि आश्रय गृहों में रहने वाले दिव्यांग पूरी तरह संस्थागत देखभाल पर निर्भर होते हैं। ऐसे में उनकी जरूरतों के अनुरूप संसाधन उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है।

सहायक उपकरण और इलाज पर भी जोर

बैठक में CM Yogi ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी जिलों में नियमित रूप से दिव्यांगजन सहायक उपकरण वितरण शिविर लगाए जाएं। पात्र लाभार्थियों को कृत्रिम अंग और अन्य जरूरी उपकरण समय पर उपलब्ध कराए जाएं। साथ ही श्रवण बाधित बच्चों की जल्द पहचान कर उनका कॉक्लियर इम्प्लांट और उपचार के बाद पुनर्वास भी समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित किया जाए।

विशेष स्कूलों में भर्ती और सुविधाएं बढ़ेंगी

CM Yogi ने कहा कि विशेष विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए शिक्षकों की नियमित भर्ती प्रक्रिया तेज की जाए। जब तक भर्ती पूरी नहीं होती, तब तक वैकल्पिक व्यवस्था के जरिए बच्चों की पढ़ाई प्रभावित नहीं होनी चाहिए। उन्होंने सरकारी भवनों और संस्थानों को दिव्यांगजनों के लिए अधिक सुगम बनाने पर भी जोर दिया।

बैठक में बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में प्रदेश के 12.23 लाख से अधिक दिव्यांगजन पेंशन योजना से लाभान्वित हुए हैं। वहीं 34 हजार से ज्यादा लाभार्थियों को 43 हजार से अधिक सहायक उपकरण वितरित किए गए। इसी अवधि में 226 श्रवण बाधित बच्चों का कॉक्लियर इम्प्लांट कराया गया, जबकि चालू वित्तीय वर्ष में 68 जिलों से 335 बच्चों की पहचान की जा चुकी है।

सरकार ने यह भी बताया कि वर्ष 2017 के मुकाबले प्रदेश में दिव्यांगजनों के लिए संचालित विशेष विद्यालयों और डे-केयर सेंटरों की संख्या में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है, जिससे अधिक से अधिक जरूरतमंदों तक सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं।

Also Read: ‘दूसरों का भविष्य बताते हैं, अब दोषियों का नाम क्यों नहीं?’ धीरेंद्र शास्त्री पर बरसे चंद्रशेखर, बताया ढोंगी बाबा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.