Meerut News: सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर निशा चौहान की पति ने चाकू से गोदकर की हत्या
Meerut News: उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहाँ एक लोकप्रिय सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और ब्यूटी पार्लर संचालिका निशा चौहान की उनके ही पति ने चाकुओं से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी। यह खूनी वारदात शुक्रवार की सुबह सरूरपुर थाना क्षेत्र के कस्बा हर्रा में अंजाम दी गई। बताया जा रहा है कि सुबह के समय पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर तीखी नोकझोंक हुई, जो देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गई। गुस्साए पति प्रदीप ने निशा पर ताबड़तोड़ चाकू से कई वार किए, जिससे निशा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पूरी वारदात घर के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
पत्नी की जान लेने के बाद पति ने खुद को भी किया लहूलुहान
निशा की चीख-पुकार सुनकर जब तक परिवार और आसपास के लोग मौके पर जुटते, तब तक आरोपी पति प्रदीप ने पत्नी की हत्या करने के बाद उसी चाकू से खुद पर भी कई जानलेवा वार कर लिए। पुलिस ने गंभीर रूप से घायल आरोपी पति को अस्पताल में भर्ती कराया है, जहाँ उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर पहुँचकर साक्ष्य जुटाए और सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है।
इस खौफनाक घटना के बाद दोनों के तीन बच्चे (16 वर्षीय देव, 14 वर्षीय एलिक्स और 11 वर्षीय बेटी) गहरे सदमे में हैं। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला घरेलू विवाद का लग रहा है, लेकिन आरोपी प्रदीप के होश में आने और उसका बयान दर्ज होने के बाद ही हत्या की असली वजह साफ हो सकेगी।
Also Read: सीरिया की राजधानी दमिश्क में आईईडी ब्लास्ट, 9 लोगों की मौत, 20 गंभीर रूप से घायल

