सीरिया की राजधानी दमिश्क में आईईडी ब्लास्ट, 9 लोगों की मौत, 20 गंभीर रूप से घायल

Sandesh Wahak Digital Desk: सीरिया की राजधानी दमिश्क में एक बार फिर भीषण बम धमाके से दहल उठी है। मध्य दमिश्क के हिजाज इलाके में अल-नस्र स्ट्रीट पर स्थित एक व्यस्त कैफे के भीतर दोपहर के समय जोरदार विस्फोट हुआ। सीरियाई गृह मंत्रालय और स्थानीय आपातकालीन सेवाओं के अनुसार, इस कायराना हमले में 9 निर्दोष लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

अधिकारियों ने बताया कि यह हमला लगभग एक किलोग्राम वजनी रिमोट-कंट्रोल इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) के जरिए किया गया, जिसमें भारी मात्रा में नुकीले और घातक धातु के टुकड़े भरे हुए थे। धमाका इतना भीषण था कि कैफे के परखच्चे उड़ गए और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

सत्ता परिवर्तन के बाद इस्लामिक स्टेट के स्लीपर सेल सक्रिय

घटनास्थल जस्टिस पैलेस से महज 70 मीटर की दूरी पर है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े हो रहे हैं। हालांकि अभी तक किसी भी आतंकी संगठन ने आधिकारिक तौर पर इस बमकांड की जिम्मेदारी नहीं ली है, लेकिन खुफिया एजेंसियों का सीधा शक ‘इस्लामिक स्टेट’ (IS) पर है। सीरिया में असद शासन के पतन के बाद बनी नई अंतरिम सरकार देश पर अपना नियंत्रण मजबूत करने की कोशिशों में जुटी है, लेकिन इसी राजनीतिक अस्थिरता का फायदा उठाकर आईएस के स्लीपर सेल एक बार फिर सक्रिय हो रहे हैं।

हाल के महीनों में सैन्य कर्मियों को निशाना बनाने की यह कोई पहली घटना नहीं है; इससे पहले अलेप्पो और हसाका प्रांत में भी सीरियाई सैनिकों की घात लगाकर हत्या कर दी गई थी। फिलहाल सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को घेरकर हमलावरों की तलाश और मामले की उच्च स्तरीय जांच शुरू कर दी है।

Also Read: Ram Mandir मामले पर सपा-कांग्रेस हमलावर, लेकिन मायावती की BSP ने क्यों ओढ़ी चुप्पी?

Get real time updates directly on you device, subscribe now.