चंपत राय भी जा सकते हैं जेल, विनय कटियार का दावा, PM मोदी से देर रात बातचीत का किया जिक्र
Vinay Katiyar: अयोध्या के राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले को लेकर पूर्व भाजपा सांसद विनय कटियार ने कई बड़े दावे किए हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में चंपत राय को भी जेल जाना पड़ सकता है। इसके साथ ही उन्होंने अनिल मिश्रा और विनोद राव को भी इस मामले में जिम्मेदार बताते हुए कहा कि इनके खिलाफ भी कार्रवाई हो सकती है। कटियार का दावा है कि अब तक हुई जांच में चोरी और गबन की बात सामने आ चुकी है।
कटियार ने यह भी कहा कि वह इस पूरे मामले को लेकर लगातार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संपर्क में हैं। उनके मुताबिक, एक रात करीब डेढ़-दो बजे प्रधानमंत्री ने उनसे फोन पर बात की और पूछा कि आगे क्या होगा। इस पर उन्होंने जवाब दिया कि सब ठीक हो जाएगा। हालांकि, इस बातचीत की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
चंपत राय और अन्य लोगों पर लगाए आरोप
दिल्ली में मीडिया से बातचीत के दौरान विनय कटियार ने कहा कि जब उन्होंने मामले को देखा तो उसमें चंपत राय, अनिल मिश्रा और विनोद राव के नाम सामने आए। उन्होंने दावा किया कि फिलहाल ये लोग किसी कारण से बच गए हैं, लेकिन आगे चलकर इनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई हो सकती है। कटियार ने कहा कि राम मंदिर आंदोलन के लिए कई लोगों ने बलिदान दिया है और इस मामले की पूरी सच्चाई सामने आनी चाहिए।
उन्होंने बताया कि कुछ समय पहले चंपत राय उनके घर के पीछे रहने आए थे। उस समय उन्होंने उन्हें कारसेवकपुरम जाने की सलाह दी थी और कहा था कि उनका भाग्य ठीक नहीं लग रहा है।
विनोद राव और अनिल मिश्रा पर भी बोले कटियार
विनय कटियार ने विनोद राव को लेकर कहा कि वह सबसे खराब व्यक्ति हैं और उन्हें समझ नहीं आता कि उन्हें वहां किसने भेजा। उन्होंने एक पुरानी घटना का जिक्र करते हुए कहा कि जब वह मंदिर पहुंचे तो विनोद राव ने उनसे पूछा कि किसकी अनुमति से आए हैं। बाद में उन्होंने फोन कर कहा था कि वह ज्यादा दिन वहां नहीं रहेंगे।
वहीं, अनिल मिश्रा के बारे में कटियार ने कहा कि वह सीधे-सादे व्यक्ति हैं, लेकिन परिस्थितियों में फंस गए। उन्होंने बताया कि लखनऊ से दिल्ली आने के दौरान उन्होंने अनिल मिश्रा से फोन पर बात की थी। उस समय वह आंख के इलाज के लिए दक्षिण भारत गए हुए थे। कटियार ने उन्हें अपने पास आने की सलाह दी थी, लेकिन बाद में वह भी इस मामले में उलझ गए।

