पाकिस्तान में भीषण बस हादसा, 40 यात्रियों की मौत, 70 फीट गहरी खाई में गिरी बस

Pakistan Bus Accident: पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। क्वेटा से पेशावर जा रही एक यात्री बस धना सर इलाके में लगभग 70 से 80 फीट गहरी खाई में गिर गई। हादसे में 40 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हुए। बलूचिस्तान सरकार के प्रवक्ता के अनुसार, बस में अपने यात्रियों के अलावा दूसरी खराब हुई बस के यात्री भी सवार थे।

इससे वाहन पर जरूरत से ज्यादा भार था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे। सभी घायलों और शवों को खाई से निकालकर नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया गया। मृतकों की पहचान की जा रही है।

चालक ने मोड़ पर खोया नियंत्रण 

एएफपी से बातचीत में झोब जिले के आपातकालीन केंद्र के प्रमुख सनाउल्लाह शेरानी ने बताया कि हादसे में 40 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है और 11 लोग घायल हुए हैं। इनमें तीन घायलों की हालत गंभीर बताई गई है। वहीं, वार्ता के अनुसार, बचाव अधिकारियों ने बताया कि मृतकों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। स्थानीय पुलिस ने शिन्हुआ को बताया कि पहाड़ी क्षेत्र के एक तीखे मोड़ पर चालक बस से नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद वाहन गहरी खाई में जा गिरा।

हादसे पर पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने गहरा दुख जताते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। बलूचिस्तान सरकार ने भी मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। मुख्यमंत्री सरफराज बुगती ने अधिकारियों को घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

गौरतलब है कि मई महीने में भी पाकिस्तान के उत्तर-पश्चिम क्षेत्र में एक मिनी बस खड़ी बस से टकरा गई थी। उस हादसे में 17 लोगों की मौत और 5 लोग घायल हुए थे। रिपोर्टों के अनुसार, पाकिस्तान में खराब सड़कें, कमजोर यातायात व्यवस्था और पहाड़ी इलाकों में लापरवाही से वाहन चलाना ऐसे हादसों की बड़ी वजह मानी जाती है।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.