अयोध्या पहुंचे धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री बोले- दान चोरी के दोषियों को कानून और भगवान दोनों देंगे सजा

Ayodhya News: बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री शुक्रवार को रामनगरी अयोध्या पहुंचे, जहां उन्होंने राम मंदिर दान प्रकरण को लेकर बेहद तीखी प्रतिक्रिया दी। धीरेंद्र शास्त्री ने इस पूरे मामले को एक महापाप करार देते हुए कहा कि यह कोई साधारण अपराध नहीं है। हालांकि, उन्होंने देश की कानून-व्यवस्था और विशेष जांच दल (SIT) पर पूरा भरोसा जताते हुए कहा कि सरकार और देश की न्याय-व्यवस्था मिलकर इस मामले के सभी गुनाहगारों को सख्त से सख्त सजा दिलाएगी। उन्होंने साफ किया कि जिन्होंने भी यह पाप किया है, वे भगवान के दंड से भी नहीं बच पाएंगे।

अयोध्या दौरे के दौरान पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने सबसे पहले प्रसिद्ध हनुमानगढ़ी मंदिर जाकर बजरंगबली के दर्शन-पूजन किए। इसके बाद वे हनुमानगढ़ी के पुजारी महंत राजू दास के गुरु, उज्जैनिया पट्टी के दिवंगत श्रीमहंत संत राम दास के आश्रम पहुंचे और उन्हें अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। शास्त्री ने कहा, हनुमान दादा के दर्शन करना और हाल ही में ब्रह्मलीन हुए श्रद्धेय महंत संत राम दास जी को नमन करना मेरा सौभाग्य है।

इसी दौरान मीडिया से बात करते हुए बागेश्वर बाबा ने सनातन धर्म के खिलाफ रचे जा रहे गुप्त एजेंडे को लेकर देशवासियों को आगाह किया। उन्होंने कहा, मौजूदा दौर कलयुग से कहीं ज्यादा छलयुग बन चुका है। संतों, महंतों, मठों और पूजनीय मंदिरों के प्रति आम जनमानस की आस्था और श्रद्धा को ठेस पहुंचाने के लिए बेहद योजनाबद्ध तरीके से साजिशें रची जा रही हैं। समाज में कालनेमी रूपी दुष्ट शक्तियां सक्रिय हैं, जो हिंदुओं को आपस में लड़ाना चाहती हैं। उन्होंने सभी सनातनियों से अपील की कि वे किसी भी भड़काऊ ताकत के बहकावे में न आएं, अपनी भावनाओं पर नियंत्रण रखें और किसी एक अप्रिय घटना की वजह से पूरे सनातन धर्म पर कोई आंच न आने दें।

Also Read: मोदी कैबिनेट में स्मृति ईरानी की वापसी तय? राजनाथ सिंह को लेकर बढ़ी अटकलें

Get real time updates directly on you device, subscribe now.