मिशन यूपी पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, लखनऊ एयरपोर्ट पर सीएम योगी और पंकज चौधरी ने की अगवानी

Lucknow News: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों की तैयारियों को धार देने के लिए भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन अपने दो दिवसीय दौरे पर नवाबों के शहर लखनऊ पहुंच चुके हैं। लखनऊ एयरपोर्ट पर उनका बेहद गर्मजोशी और भव्य स्वागत किया गया। उनकी अगवानी के लिए खुद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और यूपी सरकार के कई कैबिनेट मंत्री मौजूद रहे।

हवाई अड्डे से बाहर निकलते ही नितिन नवीन प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के साथ एक विशेष रूप से सजाए गए खुले वाहन पर सवार हुए और कार्यकर्ताओं के भारी हुजूम के साथ भाजपा प्रदेश मुख्यालय के लिए रवाना हुए। पूरे रास्ते में जगह-जगह पार्टी कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों और पुष्प वर्षा के साथ अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष का जोरदार स्वागत किया।

संगठन की थाह लेंगे राष्ट्रीय अध्यक्ष

नितिन नवीन का यह दो दिवसीय यूपी दौरा राजनीतिक और सांगठनिक दृष्टिकोण से बेहद संवेदनशील और महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अगले साल होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से ठीक पहले और हाल ही में घोषित हुई भाजपा की नई प्रदेश टीम के गठन के बाद उनका यह पहला बड़ा दौरा है। इन दो दिनों में राष्ट्रीय अध्यक्ष मैराथन बैठकें करेंगे, जिसमें वह न सिर्फ संगठन की जमीनी हकीकत को परखेंगे, बल्कि चुनावी तैयारियों को लेकर नेताओं और कार्यकर्ताओं को जीत का ‘गुरुमंत्र’ और विस्तृत दिशा-निर्देश भी देंगे। उनके आगमन से ठीक एक दिन पहले शुक्रवार को प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह ने लगातार बैठकें कर तैयारियों को अंतिम रूप दिया था।

धार्मिक अनुष्ठान और कोर कमेटी के साथ सीक्रेट रणनीति

शनिवार शाम को अपने दौरों की शुरुआत भाजपा अध्यक्ष धार्मिक अनुष्ठान से करेंगे। वह शाम 4 बजे लखनऊ विश्वविद्यालय के ठीक सामने स्थित प्रसिद्ध हनुमान सेतु मंदिर में दर्शन और विशेष पूजा-अर्चना करेंगे। बजरंगबली का आशीर्वाद लेने के बाद उनका बैठकों का दौर शुरू होगा। नितिन नवीन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दोनों उप-मुख्यमंत्री (केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक), भाजपा के सांसदों, विधायकों और विधान परिषद सदस्यों के साथ आमने-सामने संवाद करेंगे। इसके बाद सबसे महत्वपूर्ण बैठक यूपी भाजपा की कोर कमेटी के साथ होगी, जिसमें चुनाव की मुख्य रणनीति पर मुहर लग सकती है। इस व्यस्त कार्यक्रम के बाद वह पद्मश्री डॉ. विद्या बिंदु सिंह के आवास पर जाकर समाज की कई नामचीन हस्तियों से भी मुलाकात करेंगे।

मिशन यूपी पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन

शक्ति केंद्र संयोजकों से संवाद और बूथ स्तर की समीक्षा

दौरे के दूसरे दिन यानी रविवार को नितिन नवीन भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्षों के अनुभव का लाभ लेने के लिए उनके साथ विशेष चर्चा करेंगे। इसके तुरंत बाद, राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के घटक दलों के नेताओं के साथ एक संयुक्त बैठक होगी, जिसमें गठबंधन की एकजुटता और सीटों के तालमेल पर अनौपचारिक बातचीत संभव है।

रविवार दोपहर में राष्ट्रीय अध्यक्ष का राष्ट्रीय प्रेरणा स्थल जाने का कार्यक्रम है, जहां वह भाजपा के शक्ति केंद्र संयोजक सम्मेलन को संबोधित कर जमीनी कार्यकर्ताओं में जोश भरेंगे। लखनऊ से रवाना होने से ठीक पहले, वह बूथ अध्यक्ष शिवाजी रावत के पीर नगर स्थित आवास पर जाएंगे, जहां चाय पर चर्चा के साथ बूथ स्तर की गतिविधियों और जमीनी हकीकत का जायजा लिया जाएगा।

Also Read: शादी के अगले ही दिन बदली किस्मत, दूसरे प्रयास में दुल्हन से अफसर बनी सुदिति

Get real time updates directly on you device, subscribe now.