Lucknow News: बंद मकानों को निशाना बनाने वाला शातिर चोर गिरफ्तार, कब्जे से बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के जेवरात बरामद

Lucknow News: राजधानी लखनऊ के दक्षिणी जोन की बिजनौर पुलिस और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने चोरी की वारदातों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने बंद मकानों की रेकी कर चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी के पास से चोरी किए गए सोने और चांदी के भारी मात्रा में आभूषण तथा नकदी बरामद हुई है। इस गिरफ्तारी से पुलिस ने बिजनौर क्षेत्र में हुई दो बड़ी चोरियों का सफल अनावरण किया है।

रॉयल सिटी में दो बंद घरों को बनाया था निशाना

इस कार्रवाई की पृष्ठभूमि मई महीने में दर्ज हुए दो मुकदमों से जुड़ी है। बीते 24 मई, 2026 की रात औरंगाबाद जागीर (रॉयल नगर) निवासी शिवांगिनी पाण्डेय और रॉयल सिटी (लक्ष्मी इन्क्लेव) निवासी राजू राय के बंद मकानों का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने लाखों के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया था। इस संबंध में थाना बिजनौर में मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू की गई थी। घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (दक्षिणी) अमित कुमार आनंद के निर्देशन में दो विशेष टीमें गठित की गईं।

500 सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद हुई पहचान

चोरों तक पहुंचने के लिए पुलिस टीमों ने कड़ी मशक्कत करते हुए घटनास्थल और उसके आस-पास के करीब 400 से 500 सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इसके साथ ही इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों का गहन विश्लेषण किया गया, जिसके बाद शातिर चोर अमित कुमार रस्तोगी (उम्र लगभग 40 वर्ष, निवासी गोमतीनगर विस्तार, मूल निवासी वैशाली, बिहार) की पहचान सुनिश्चित हुई। शनिवार की रात बिजनौर पुलिस ने सटीक सूचना के आधार पर छुआराखेड़ा मोड़ के पास से घेराबंदी कर अमित रस्तोगी को दबोच लिया। हालांकि, उसका साथी नरसिंह गौतम अभी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।

बंद मकानों को निशाना बनाने वाला शातिर चोर गिरफ्तार

दिन में रेकी और रात में करते थे हाथ साफ

पुलिस की पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्त अमित कुमार रस्तोगी ने बताया कि वह स्नातक (ग्रेजुएट) है। उसने कुबूल किया कि वह और उसका साथी नरसिंह गौतम मिलकर दिन में या रात के वक्त बंद पड़े मकानों की रेकी करते थे। जब उन्हें पूरा भरोसा हो जाता था कि घर में कोई नहीं है, तो वे ताला तोड़कर अंदर घुस जाते थे और कीमती सामान समेट लेते थे। चोरी के जेवरातों को वे राहगीरों को ठीक-ठाक दामों पर बेचकर आपस में पैसे बांट लिया करते थे। मई महीने में रॉयल सिटी की दोनों चोरियों को भी इसी तिकड़म से अंजाम दिया गया था।

गैंगस्टर एक्ट सहित दर्ज हैं 28 मुकदमे

पकड़ा गया आरोपी अमित कुमार रस्तोगी कोई साधारण चोर नहीं है, बल्कि उसका एक लंबा और खौफनाक आपराधिक इतिहास रहा है। लखनऊ के चिनहट, मड़ियांव, गोमतीनगर विस्तार, बक्शी का तालाब और बीबीडी थानों में उसके खिलाफ चोरी, जालसाजी, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट (Gangster Act) के तहत कुल 28 गंभीर मुकदमे पहले से दर्ज हैं।

Also Read: सिद्धार्थ विश्वविद्यालय के दो असिस्टेंट प्रोफेसरों को यूके से मिला अंतरराष्ट्रीय पेटेंट, प्राकृतिक कीटनाशक उपकरण के डिजाइन को मिली मान्यता

Get real time updates directly on you device, subscribe now.