धीरेंद्र शास्त्री के ‘पर्ची खोलूंगा’ वाले बयान पर आगबबूला हुए विनय कटियार, कहा – ‘चोर आदमी…’
Ram Mandir Donation Row: अयोध्या राम मंदिर के चढ़ावा चोरी मामले को लेकर सियासी और धार्मिक बयानबाज़ी लगातार तेज होती जा रही है। अब इस विवाद में बजरंग दल के संस्थापक और बीजेपी के पूर्व सांसद विनय कटियार भी खुलकर सामने आ गए हैं। उन्होंने बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र शास्त्री के हालिया बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी और मीडिया से बातचीत के दौरान उन पर निशाना साधते हुए कड़ी टिप्पणी की।
दरअसल, धीरेंद्र शास्त्री ने हाल ही में कहा था कि राम मंदिर चढ़ावा विवाद में अभी सिर्फ “छोटी मछलियां” पकड़ी गई हैं, जबकि असली “मगरमच्छ” अभी सामने आने बाकी हैं। उन्होंने यह भी कहा था कि यदि वह अपनी “पर्ची” खोलेंगे तो कई बड़े नाम बेनकाब हो जाएंगे। इसी बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए विनय कटियार ने मीडिया के सवाल के जवाब में धीरेंद्र शास्त्री पर नाराजगी जताई और उनके खिलाफ अमर्यादित टिप्पणी कर दी।
धीरेंद्र शास्त्री ने क्या कहा था?
बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने दावा किया था कि अयोध्या में सामने आया चढ़ावा विवाद बेहद गंभीर है और इसके पीछे प्रभावशाली लोगों की भूमिका हो सकती है। उन्होंने कहा था कि अभी सिर्फ छोटे स्तर के लोग पकड़े गए हैं, जबकि बड़े चेहरे भी जांच के दायरे में आ सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि राम मंदिर में आने वाला चढ़ावा करोड़ों सनातनियों की आस्था से जुड़ा है और उसमें एक रुपये की भी हेराफेरी महापाप के समान है।
पहले भी उठा चुके हैं बड़ा सवाल
विनय कटियार इससे पहले भी इस मामले को लेकर खुलकर बोल चुके हैं। उन्होंने दावा किया था कि उन्होंने इस पूरे प्रकरण की जानकारी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तक पहुंचाई है। उनका कहना था कि जांच आगे बढ़ने पर ट्रस्ट से जुड़े कुछ बड़े नामों पर भी कार्रवाई हो सकती है।
कटियार ने यह भी आरोप लगाया था कि मंदिर के धन का गबन हुआ है और इसी वजह से राज्य सरकार ने एसआईटी से जांच कराने का फैसला किया है। फिलहाल एसआईटी इस पूरे मामले की जांच में जुटी है और लगातार सबूत जुटाने के साथ विभिन्न लोगों से पूछताछ कर रही है।
राम मंदिर चढ़ावा विवाद को लेकर अब धार्मिक और राजनीतिक बयानबाज़ी लगातार तेज होती जा रही है। ऐसे में सभी की नजर एसआईटी की जांच और उसकी अंतिम रिपोर्ट पर टिकी हुई है।
Also Read: Ram Mandir मामले पर सपा-कांग्रेस हमलावर, लेकिन मायावती की BSP ने क्यों ओढ़ी चुप्पी?

