पाकिस्तान के डिप्टी PM इशाक डार के पोते पर विदेशी महिला से गैंगरेप का आरोप, इस्तीफे की उठी मांग

Sandesh Wahak Digital Desk: पाकिस्तान के उप-प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री इशाक डार (Ishaq Dar) एक बड़े विवाद में घिर गए हैं। उनके पोते मुहम्मद रजा डार (Muhammad Raza Dar) पर लाहौर में दो विदेशी महिलाओं से कथित गैंगरेप के मामले में मुख्य आरोपी होने का आरोप है। मामले में गिरफ्तारी के बाद पाकिस्तान की राजनीति में भी हलचल तेज हो गई है और कई नेताओं ने इशाक डार के इस्तीफे की मांग शुरू कर दी है।

बताया जा रहा है कि यह घटना 29 जून को हुई थी। पीड़ित महिलाओं में एक वेनेजुएला और दूसरी नीदरलैंड की नागरिक है। पुलिस ने अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक अन्य आरोपी अभी फरार बताया जा रहा है।

अदालत ने भेजा पुलिस हिरासत में

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, शुक्रवार को लाहौर की अदालत ने रजा डार (Raza Dar) समेत चारों आरोपियों को पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया। जांच एजेंसियां अब पूरे घटनाक्रम और आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही हैं।

रिपोर्ट्स के अनुसार, रजा डार की दोनों विदेशी महिलाओं से मुलाकात पिछले साल सिंगापुर में हुई थी। बताया जा रहा है कि सभी एक क्रिप्टोकरेंसी प्रोजेक्ट से जुड़े थे। आरोप है कि रजा डार ने ही महिलाओं के पाकिस्तान आने के लिए बिजनेस वीजा की व्यवस्था कराई थी।

विपक्ष ने सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

सीनेटर फैसल वावडा ने इस मामले को लेकर इशाक डार (Ishaq Dar) पर सीधा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार और पंजाब प्रशासन मंत्री के रिश्तेदार को बचाने की कोशिश कर रहे हैं।

वावडा ने कहा कि यदि पाकिस्तान की अंतरराष्ट्रीय छवि की चिंता है तो इशाक डार को अपने पद से तत्काल इस्तीफा दे देना चाहिए। उनका आरोप है कि मामले को कथित तौर पर गैंगरेप के बजाय जबरन वसूली के विवाद के रूप में पेश करने की कोशिश की जा रही है और विदेशी पीड़ितों को जल्द देश से वापस भेजने की तैयारी भी की जा रही है।

‘पाकिस्तान पारिवारिक कंपनी की तरह चल रहा’

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए फैसल वावडा ने कहा कि पाकिस्तान को “एक पारिवारिक कंपनी” की तरह चलाया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि संबंधित विदेशी दूतावासों के हस्तक्षेप के बाद ही रजा डार की गिरफ्तारी संभव हो सकी।

उन्होंने सवाल उठाया कि इतने गंभीर आरोपों के बाद इशाक डार (Ishaq Dar) किस नैतिक आधार पर उप-प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री के रूप में पाकिस्तान का प्रतिनिधित्व कर सकते हैं।

फिलहाल मामले की जांच जारी है। पुलिस सभी आरोपों की जांच कर रही है और अदालत में आगे की सुनवाई के बाद ही इस हाई-प्रोफाइल मामले में अगली कानूनी कार्रवाई तय होगी।

Also Read: Khamenei के VIP जनाजे में 3,000 मौतों की आशंका! पहले ही खोद दी गईं हजारों कब्रें!

Get real time updates directly on you device, subscribe now.