ऑस्ट्रेलिया दौरे से पहले PM Modi को जान से मारने की धमकी, पोस्ट के बाद शुरु हुई हाई लेवल जांच

PM Modi Death threat: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ऑस्ट्रेलिया दौरे से ठीक पहले एक धमकी भरे सोशल मीडिया पोस्ट ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, मेलबर्न में होने वाले ‘मेलबर्न मीट्स मोदी’ कार्यक्रम से पहले फेसबुक पर एक यूजर ने पीएम मोदी को निशाना बनाते हुए जान से मारने की धमकी दी है। मामला सामने आते ही ऑस्ट्रेलियाई फेडरल पुलिस (AFP) और अन्य सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर आ गई हैं और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

रिपोर्ट के अनुसार, 9 जुलाई को मेलबर्न के मार्वल स्टेडियम में आयोजित होने वाले ‘Melbourne Meets Modi’ कार्यक्रम के प्रचार से जुड़ी फेसबुक पोस्ट के कमेंट सेक्शन में ‘Abu Mustafa’ नाम के अकाउंट से धमकी भरा संदेश लिखा गया।

पोस्ट में अंग्रेजी में लिखा गया कि कार्यक्रम के दौरान “स्टेडियम की छत बंद रखना, वरना वह अपनी मौत के लिए ऑस्ट्रेलिया आ रहे हैं।” इस टिप्पणी के सामने आते ही सुरक्षा एजेंसियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी।

IP एड्रेस ट्रेस, हाई लेवल जांच जारी

रिपोर्ट्स के मुताबिक, जांच एजेंसियों ने संबंधित फेसबुक अकाउंट से जुड़े IP एड्रेस की पहचान कर ली है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि पोस्ट किस स्थान और किस डिवाइस से किया गया।

हालांकि, ऑस्ट्रेलियाई फेडरल पुलिस ने जांच की संवेदनशीलता का हवाला देते हुए किसी गिरफ्तारी या अन्य कार्रवाई की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। अधिकारियों का कहना है कि जांच जारी है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

धमकी (PM Modi Death threat) के बाद ऑस्ट्रेलिया की सुरक्षा एजेंसियों ने प्रधानमंत्री मोदी के दौरे को लेकर सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी है। कार्यक्रम स्थल से लेकर पूरे दौरे के दौरान सुरक्षा के अतिरिक्त इंतजाम किए जा रहे हैं ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना की आशंका को पूरी तरह खत्म किया जा सके।

8 से 10 जुलाई तक ऑस्ट्रेलिया दौरे पर रहेंगे PM मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 8 से 10 जुलाई तक ऑस्ट्रेलिया के आधिकारिक दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह भारत-ऑस्ट्रेलिया वार्षिक नेताओं के शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे और ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे।

दौरे का सबसे बड़ा आकर्षण 9 जुलाई को मेलबर्न के मार्वल स्टेडियम में आयोजित ‘Melbourne Meets Modi’ कार्यक्रम होगा, जहां बड़ी संख्या में भारतीय समुदाय के लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। धमकी (PM Modi Death threat) के बाद इस कार्यक्रम की सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।

Also Read: मोदी कैबिनेट विस्तार की सुगबुगाहट, इस बार नौकरशाहों को मिल सकती है अहम जिम्मेदारी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.