मूसलाधार बारिश से बेहाल हुई मायानगरी, आईएमडी ने मुंबई-ठाणे के लिए जारी किया रेड अलर्ट
Sandesh Wahak Digital Desk: मुंबई और उसके आस-पास के इलाकों में लगातार हो रही आफत की बारिश ने रफ्तार थाम दी है। भारी बारिश के चलते शहर के कई निचले इलाके पूरी तरह जलमग्न हो चुके हैं। सबसे बदतर हालात कुर्ला स्थित लोकमान्य तिलक टर्मिनस (LTT) रेलवे स्टेशन के हैं, जहाँ परिसर में घुटनों तक पानी भर जाने से यात्रियों और वाहन चालकों को भारी मुसीबत का सामना करना पड़ रहा है। हालात की गंभीरता को देखते हुए भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मुंबई और ठाणे के लिए रेड अलर्ट जारी कर दिया है और अगले कुछ घंटों में अत्यंत भारी बारिश की चेतावनी दी है।
इन इलाकों में रिकॉर्ड तोड़ बारिश
बीते 24 घंटों में मुंबई के अलग-अलग हिस्सों में रिकॉर्डतोड़ बारिश दर्ज की गई है। बारिश के मुख्य आंकड़े इस प्रकार हैं।
विखरोली: 253.0 मिमी (सबसे अधिक)
राम मंदिर क्षेत्र: 252.5 मिमी
सांताक्रूज: 224.5 मिमी
भायखला: 172.5 मिमी
कोलाबा: 165.5 मिमी
इतनी भारी बारिश के कारण शहर की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल और सड़क यातायात पर ब्रेक लग गया है। कई मुख्य मार्गों पर गाड़ियां रेंगती नजर आईं और लोग घंटों लंबे ट्रैफिक जाम में फंसे रहे।
यातायात ठप, प्रशासन की जनता से अपील
लोकल प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीमों ने मोर्चा संभाल लिया है। भारी जलभराव को देखते हुए सरकार ने नागरिकों से अपील की है कि वे बेहद जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकलें। एलटीटी स्टेशन के बाहर सड़कें तालाब में तब्दील हो चुकी हैं, जिससे ट्रेन पकड़ने वाले यात्रियों को भारी असुविधा हो रही है।
महाराष्ट्र के अन्य हिस्सों में ऑरेंज और येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने सिर्फ मुंबई ही नहीं, बल्कि महाराष्ट्र के बाकी हिस्सों के लिए भी चेतावनी जारी की है। कोंकण क्षेत्र और पुणे के घाट इलाकों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जहाँ भारी बारिश के साथ-साथ लैंडस्लाइड (भूस्खलन) का खतरा मंडरा रहा है। वहीं, पुणे शहर के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है, जहाँ बिजली कड़कने के साथ मध्यम से भारी बारिश का अनुमान है। आपातकालीन सेवाओं को हाई अलर्ट पर रखा गया है।
Also Read: लखनऊ में BMW से 26 लाख कैश बरामद, आयकर विभाग शुरू की जांच

