Bareilly News: सैटेलाइट बस स्टैंड पर ठेले के नीचे रो रहा था लावारिस मासूम, खाकी ने बचाई जान
Bareilly News: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में खाकी का एक बेहद मानवीय और संवेदनशील चेहरा सामने आया है। बीती रात करीब 1:30 बजे, जब पूरा सन्नाटे में सो रहा था, तब थाना बारादरी पुलिस की एक टीम ने सैटेलाइट बस स्टैंड पर लावारिस हालत में छोड़े गए एक मासूम नवजात शिशु को सुरक्षित रेस्क्यू किया। यह बच्चा बस स्टैंड पर एक ठेले के नीचे अकेला रो रहा था। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बिना एक पल गंवाए मौके पर पहुंचकर बच्चे को अपनी गोद में लिया और उसे नया जीवनदान दिया।
बाल कल्याण समिति के आदेश पर मिला सुरक्षित ठिकाना
मासूम को रेस्क्यू करने के बाद बारादरी पुलिस ने नियमानुसार विधिक कार्रवाई शुरू की। शुरुआती जांच में बच्चे के माता-पिता या किसी भी परिजन के बारे में कोई सुराग नहीं मिल सका। इसके बाद मामले की जानकारी चाइल्ड हेल्प लाइन टीम को दी गई। चाइल्ड हेल्प लाइन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शिशु को न्यायपीठ, बाल कल्याण समिति (CWC) बरेली के समक्ष पेश किया। समिति के आदेश के बाद बच्चे के बेहतर पालन-पोषण और सुरक्षा के लिए उसे राजकीय दत्तक ग्रहण इकाई में दाखिल करा दिया गया है।

मासूम के अपनों की तलाश
चाइल्ड हेल्प लाइन 1098, बरेली ने इस घटना के बाद आम जनता से एक बेहद भावुक अपील जारी की है। संस्था ने कहा है कि यदि किसी भी नागरिक को इस लावारिस मिले बच्चे के माता-पिता, रिश्तेदारों या उसकी गुमशुदगी के बारे में थोड़ी सी भी जानकारी हो, तो वे तुरंत चाइल्ड हेल्प लाइन (1098) या थाना बारादरी पुलिस को सूचित करें। आपका एक छोटा सा प्रयास इस बेसहारा बच्चे को उसके परिवार से दोबारा मिला सकता है।
इसके साथ ही नागरिकों से सजग रहने का अनुरोध किया गया है कि यदि उन्हें कहीं भी कोई बच्चा संकट में, असहाय या लावारिस स्थिति में मिले, तो तुरंत 1098 पर कॉल करें ताकि समय रहते उसकी जान और भविष्य दोनों सुरक्षित किए जा सकें।
रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया
Also Read: ओपी राजभर पर भड़के शिवपाल, बोले- उन्हें किसी विशेषज्ञ डॉक्टर से इलाज की जरूरत

