जेडी वेंस के बयान पर नेतन्याहू का जवाब, भारत भी इजरायल का भरोसेमंद मित्र

Israel India Relations: इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने रविवार को साफ कहा कि अमेरिका ही नहीं, भारत भी इजरायल का करीबी और मजबूत मित्र है। उन्होंने यह टिप्पणी अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के उस बयान को खारिज करते हुए की, जिसमें वेंस ने कहा था कि पूरी दुनिया में अमेरिका ही इजरायल का एकमात्र शक्तिशाली सहयोगी बचा है।

नेतन्याहू ने ‘फॉक्स न्यूज संडे ब्रीफिंग’ कार्यक्रम में कहा कि इजरायल को भारत सहित कई देशों का समर्थन हासिल है।

भारत से मिल रहा जबरदस्त समर्थन

नेतन्याहू ने कहा, “हमारे कुछ और मित्र भी हैं, जैसे भारत नाम का एक देश। वहां 1.4 अरब लोग रहते हैं और सच कहूं तो हमें वहां जबरदस्त समर्थन मिलता है।” उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर भी उन्हें भारत से भारी समर्थन देखने को मिलता है।

इजरायली प्रधानमंत्री ने वेंस के इस दावे को पूरी तरह खारिज किया कि इजरायल के पास कोई अन्य सहयोगी नहीं है। उन्होंने कहा कि कई देश इजरायल की उन्नत साइबर सुरक्षा और रक्षा तकनीक में रुचि रखते हैं और इस पर सहयोग चाहते हैं।

तकनीक और सुरक्षा सहयोग का जिक्र

नेतन्याहू ने बताया कि कई देशों के नेता उन्हें फोन कर कहते हैं कि भले ही उनके यहां जनमत को लेकर चुनौतियां हों, लेकिन वे इजरायल का सम्मान करते हैं। उन्होंने कहा कि देश इजरायल से सैन्य प्रशिक्षण, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) और साइबर सुरक्षा में विशेषज्ञता चाहते हैं।
नेतन्याहू के मुताबिक, साइबर क्षेत्र में इजरायल दुनिया का दूसरा सबसे अग्रणी देश है और उसकी तकनीक बेहद उन्नत है।

13 जुलाई को ट्रंप से मुलाकात

इजरायली प्रधानमंत्री 13 जुलाई को वाशिंगटन में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात करने की योजना बना रहे हैं। इस बैठक में ईरान, क्षेत्रीय सुरक्षा और सऊदी अरब के साथ संबंधों पर चर्चा होगी। इजरायली मीडिया के अनुसार, हालिया फोन बातचीत में दोनों नेताओं ने जल्द मुलाकात पर सहमति जताई थी।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.