सुबह 3 बजे आया बिग बी का फोन, बोले–‘मैं यूपी से हूं, अयोध्या जी में जमीन लेनी है’
Amitabh Bachchan Ayodhya: राम मंदिर निर्माण शुरू होने के बाद अयोध्या की जमीन की कीमतों में जबरदस्त उछाल आया है। बड़े कारोबारी ही नहीं, फिल्म जगत की हस्तियां भी यहां निवेश कर रही हैं। इसी से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा रीयल एस्टेट कंपनी ‘द हाउस ऑफ अभिनंदन लोढ़ा’ के चेयरमैन और संस्थापक अभिनंदन लोढ़ा अभिनंदन लोढ़ा ने साझा किया।
एक मीडिया चैनल से बातचीत में उन्होंने बताया कि अमिताभ बच्चन ने उन्हें एक दिन सुबह करीब 3 बजे फोन किया। कॉल न उठने पर बिग बी ने मैसेज भेजा “मैं अमिताभ बच्चन, जब आपको सही लगे कृपया वापस फोन करें।” यह पढ़कर लोढ़ा भावुक हो गए और तुरंत कॉल बैक किया।
जमीन खरीदने की सीधी बातचीत
फोन पर अमिताभ बच्चन ने कहा, “मैं यूपी से हूं और अयोध्या जी में जमीन लेना चाहता हूं।” उन्होंने करीब 15 हजार स्क्वायर फीट जमीन की कीमत पूछी। लोढ़ा ने कीमत 15 करोड़ रुपये बताई। हैरानी की बात यह रही कि अगले ही दिन अमिताभ बच्चन ने पूरी रकम ट्रांसफर कर दी। यह किस्सा हिंदुस्तान टाइम्स इंडिया नेक्स्ट रियल एस्टेट समिट 2026 में साझा किया गया।
अयोध्या में निवेश और बढ़ता पर्यटन
राम मंदिर बनने के बाद अयोध्या सांस्कृतिक पर्यटन का बड़ा केंद्र बन गई है। लोढ़ा के मुताबिक, अमिताभ बच्चन ने यहां जमीन को निवेश नहीं, बल्कि विरासत के तौर पर खरीदा है।
बिग बी अब तक HoABL से कई भूखंड ले चुके हैं। उन्होंने 35 करोड़ रुपये में 2.67 एकड़ जमीन खरीदी, जो 75 एकड़ के सरयू प्रोजेक्ट में है। मई 2025 में 40 करोड़ रुपये में 25 हजार वर्गफीट और 2024 में 10 हजार वर्गफीट का भूखंड भी लिया था।
इंफ्रास्ट्रक्चर और कीमतों में उछाल
राम मंदिर के बाद अयोध्या में रेल, सड़क और एयरपोर्ट जैसे इंफ्रास्ट्रक्चर का तेजी से विकास हुआ है। सरयू रिवरफ्रंट और राम मंदिर कॉरिडोर के आसपास जमीन की कीमतें 4 से 5 गुना तक बढ़ गई हैं। इसी वजह से रणबीर कपूर, कृति सेनन और कार्तिक आर्यन जैसे सितारे भी यहां जमीन खरीद चुके हैं।

