श्रीलंका की जेल में भीषण हिंसा, कैदियों के बीच खूनी झड़प, 25 की मौत और 100 से ज्यादा घायल

Sri Lanka Prison Violence: श्रीलंका की नेगोम्बो केंद्रीय जेल में रविवार रात शुरू हुई हिंसा सोमवार तक और ज्यादा खतरनाक हो गई। जेल के अंदर कैदियों के दो गुटों के बीच हुई इस झड़प में अब तक 25 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि करीब 100 कैदी घायल बताए जा रहे हैं। मृतकों और घायलों की संख्या बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है। यह जेल कोलंबो से करीब 35 किलोमीटर दूर स्थित है।

पत्थर, लाठियों और हथियारों से हुआ हमला

जानकारी के मुताबिक, हिंसा की शुरुआत दोषी कैदियों और हिरासत में रखे गए कैदियों के बीच हुई। पहले कहासुनी हुई और फिर मामला पत्थरबाजी, लाठियों और अन्य हथियारों तक पहुंच गया। फिलहाल इस झड़प की असली वजह साफ नहीं हो सकी है, लेकिन जेल के अंदर हालात अब भी तनावपूर्ण बने हुए हैं।

घायलों को अस्पताल भेजा गया

समाचार एजेंसी रॉयटर्स के अनुसार, पुलिस ने जेल के कई ब्लॉकों को खाली कराना शुरू कर दिया है। गंभीर रूप से घायल कैदियों को कोलंबो और आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। सोशल मीडिया और स्थानीय मीडिया फुटेज में कई घायल कैदी पुलिस बस में खून से सने कपड़ों में फर्श पर लेटे नजर आए।

सेना अलर्ट, जेल के बाहर भारी सुरक्षा

श्रीलंकाई सेना के प्रवक्ता ब्रिगेडियर वारुणा गामेज ने बताया कि पुलिस की मदद के लिए सेना को स्टैंडबाय पर रखा गया है। जेल के मुख्य गेट पर भारी पुलिस बल और राइफलधारी जवान तैनात कर दिए गए हैं।

घटना के बाद श्रीलंका सरकार एक्शन में आ गई है। गृह मंत्रालय के सूत्रों के अनुसार, पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दे दिए गए हैं। जांच में जेल प्रशासन की लापरवाही, सुरक्षा व्यवस्था में कमी और झड़प के पीछे के कारणों की पड़ताल की जाएगी। नेगोम्बो जेल में पहले भी क्षमता से ज्यादा कैदियों के कारण तनाव की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.