Meta, Amazon के बाद अब Microsoft ने एक झटके में 4800 कर्मचारियों को किया बाहर

Microsoft Layoffs 2026: आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) पर बढ़ते निवेश के बीच दुनिया की दिग्गज टेक कंपनी Microsoft ने करीब 4,800 कर्मचारियों की छंटनी का फैसला लिया है। कंपनी का कहना है कि यह कदम संगठन को अधिक प्रभावी बनाने और AI इंफ्रास्ट्रक्चर में निवेश बढ़ाने की रणनीति का हिस्सा है।

रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, यह छंटनी Microsoft के कुल कर्मचारियों का करीब 2.1% है। कंपनी हर साल नए वित्तीय वर्ष की शुरुआत में अपने बिजनेस और बजट के हिसाब से रीस्ट्रक्चरिंग करती है और इस बार भी इसी प्रक्रिया के तहत यह फैसला लिया गया है।

AI निवेश और लागत का बढ़ा दबाव

टेक कंपनियों के बीच AI को लेकर प्रतिस्पर्धा लगातार तेज हो रही है। रिपोर्ट के अनुसार, इस साल बड़ी टेक कंपनियां AI पर कुल 700 अरब डॉलर से अधिक का निवेश कर सकती हैं। ऐसे में कंपनियों पर खर्च कम करने और बेहतर रिटर्न दिखाने का दबाव भी बढ़ा है।

Microsoft के क्लाउड प्लेटफॉर्म Azure की मांग बढ़ी है, लेकिन नए डेटा सेंटर और AI इंफ्रास्ट्रक्चर पर भारी खर्च का असर कंपनी के कैश फ्लो पर भी पड़ा है। इसी वजह से कंपनी ने लागत नियंत्रित करने के लिए छंटनी का रास्ता चुना है।

किन कर्मचारियों पर पड़ेगा असर?

रिपोर्ट के मुताबिक, इस फैसले का सबसे ज्यादा असर सेल्स, कंसल्टिंग और Xbox गेमिंग डिवीजन के कर्मचारियों पर पड़ने की संभावना है। Microsoft की गेमिंग प्रमुख आशा शर्मा ने कहा कि कारोबार में बड़े बदलाव जरूरी हो गए हैं, क्योंकि मुनाफे की रफ्तार धीमी हुई है और पिछले वर्षों में गेमिंग कारोबार पर भारी निवेश के बावजूद अपेक्षित आय नहीं बढ़ सकी।

Microsoft अकेली कंपनी नहीं है जिसने यह कदम उठाया है। AI पर बढ़ते खर्च के बीच Meta और Amazon भी इस साल हजारों कर्मचारियों की छंटनी कर चुके हैं। इससे साफ है कि AI की तेज होती दौड़ के साथ टेक इंडस्ट्री में रीस्ट्रक्चरिंग का दौर अभी जारी है।

Also Read: मानसून की बेरुखी से खरीफ बुवाई 23% घटी, El Nino की वजह से महंगाई का भी खतरा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.