हापुड़ में पुलिस चौकी के सामने दबंगई, कोर्ट केस वापस न लेने पर पूर्व फौजी के बेटे को दी धमकी

Hapur News: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले से कानून-व्यवस्था को ठेंगा दिखाने वाली एक बेहद सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहाँ बुलंदशहर रोड स्थित जदीद पुलिस चौकी के ठीक सामने एक बेखौफ दबंग ने एक सेवानिवृत्त फौजी के बेटे की दुकान में घुसकर उसे सरेआम मौत के घाट उतारने की धमकी दे डाली। आरोपी कोर्ट में चल रहे एक पुराने मुकदमे को वापस लेने का नाजायज दबाव बना रहा था। इस पूरी घटना का रोंगटे खड़े कर देने वाला वीडियो दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गया है, जिसमें आरोपी की हिंसक हरकतें और आवाज साफ सुनी जा सकती हैं। घटना के बाद से पीड़ित का पूरा परिवार खौफ के साए में जीने को मजबूर है।

यह हैरान करने वाला मामला हापुड़ कोतवाली क्षेत्र के शिवदयालपुरा मोहल्ले का है। पीड़ित अफसार सैफी (पुत्र नूर मोहम्मद) के मुताबिक, आरोपी इरफान (पुत्र अशरफ) के खिलाफ मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (CJM) न्यायालय हापुड़ में साल 2022 से एक आपराधिक मुकदमा (अपराध संख्या 905/2022) चल रहा है। इसी केस में समझौते और केस वापसी का दबाव बनाने के लिए आरोपी इरफान 4 जुलाई की रात करीब 9:30 बजे अपने कई साथियों के साथ अफसार सैफी की दुकान पर धमक पड़ा।

पिछले 6 महीने से दी जा रही है यातना

पीड़ित अफसार सैफी ने पुलिस को दी तहरीर में चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। उन्होंने बताया कि आरोपी इरफान पिछले 6 महीनों से लगातार उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा है। केस वापस कराने के लिए वह कभी बदमाशों को चाकू या बंदूक देकर उनकी दुकान पर डराने के लिए भेजता है। 4 जुलाई की वारदात का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि आरोपी एक गाड़ी में 5-6 गुंडों के साथ आया था, जिनमें से दो दुकान के भीतर दाखिल हुए। दुकान में बैठते ही आरोपी का लहजा बेहद आक्रामक था और वह बार-बार अपनी जेब में हाथ डालकर अवैध हथियार होने का इशारा कर रहा था, जिससे पीड़ित की जान पर बन आई थी।

केस वापस ले ले, वरना बच्चे अनाथ हो जाएंगे

दुकान के सीसीटीवी फुटेज में दबंग इरफान की पूरी गुंडागर्दी लाइव कैद हुई है। जब पीड़ित अफसार सैफी ने कोर्ट केस वापस लेने से साफ इनकार कर दिया, तो इरफान आगबबूला हो गया। वीडियो में वह पीड़ित के करीब आकर बेहद ठंडे दिमाग से कहता दिख रहा है, मुकदमा वापस ले ले…, नहीं तो तेरे बच्चे अनाथ हो जाएंगे। इसके बाद उसने सरेआम गर्दन काटने और गला दबाने का हिंसक इशारा करते हुए मौत के घाट उतारने की धमकी दी। कैमरे के सामने हुई इस गुंडागर्दी ने यूपी पुलिस के इकबाल पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।

पुलिस ने शुरू की आरोपी की तलाश

इस खौफनाक धमकी और आरोपी के जानलेवा इरादों के चलते पीड़ित का परिवार गहरे सदमे में है। घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित के बुजुर्ग फौजी पिता मानसिक तनाव बर्दाश्त नहीं कर सके और उनकी तबीयत इतनी बिगड़ गई कि उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। अफसार सैफी ने हापुड़ नगर कोतवाली पुलिस को लिखित शिकायत देकर अपनी और परिवार की सुरक्षा की गुहार लगाई है। वहीं, पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को साक्ष्य के तौर पर जब्त कर लिया है और आरोपी इरफान की गिरफ्तारी के लिए दबिश देना शुरू कर दिया है।

Also Read: Kanpur News: शादी से इनकार पर बेकाबू हुआ रिटायर्ड IAS अधिकारी का बेटा, युवती को कार से घसीटकर पीटा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.