विपक्ष पर बरसे सीएम योगी, बोले- रामभक्तों पर गोली चलाने वाले आज अयोध्या के लिए बहा रहे घड़ियाली आंसू
Pratapgarh News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रतापगढ़ में आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए राम मंदिर के चंदे को लेकर विपक्ष द्वारा उठाए जा रहे सवालों पर करारा पलटवार किया है। सीएम योगी ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए उनके दोहरे चरित्र को बेनकाब किया। उन्होंने कहा कि जो राजनीतिक दल कल तक भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण के वजूद को ही काल्पनिक बताते थे, वे आज अयोध्या को लेकर राजनीति कर रहे हैं और घड़ियाली आंसू बहा रहे हैं।
चंदे को लेकर खड़े किए गए विवाद पर पलटवार
अयोध्या में दान चोरी के आरोपों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि विपक्ष ने इस पूरे मामले को जानबूझकर और योजनाबद्ध तरीके से बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया है ताकि देश को गुमराह किया जा सके। उन्होंने भव्य अयोध्या का गौरव गान करते हुए कहा कि आज की नव्य अयोध्या सीधे तौर पर त्रेतायुग की प्रभु श्रीराम की पावन नगरी का स्मरण कराती है। अयोध्या में विश्वस्तरीय विकास कार्यों और शानदार कनेक्टिविटी का श्रेय देते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि यह अभूतपूर्व और ऐतिहासिक काम सिर्फ और सिर्फ भारतीय जनता पार्टी की ‘डबल इंजन’ सरकार के मजबूत इरादों से ही मुमकिन हो पाया है।
कांग्रेस और सपा की कार्यशैली पर कड़ा तंज कसते हुए सीएम योगी ने कहा कि आज इन पार्टियों के पास जनता के बीच जाने के लिए कोई सकारात्मक मुद्दा या नीतियां नहीं बची हैं। उन्होंने जनता से संवाद करते हुए कहा, ये लोग देश और समाज के सामने कैसे-कैसे बेतुके मुद्दे लेकर आते हैं। आज कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के पास कुल मिलाकर सिर्फ दो ही काम बचे हैं पहला, जातिवाद के नाम पर हिंदू समाज को आपस में बांटना और दूसरा, सनातन प्रेमियों की अटूट आस्था पर सीधे प्रहार करना।
बाबरी ढांचे का समर्थन करने वाले गिरगिट की तरह बदल रहे रंग
अतीत की याद दिलाते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जो कांग्रेस कभी सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा देकर कहती थी कि राम-कृष्ण हुए ही नहीं, और जो सपा-कांग्रेस अयोध्या में विवादित बाबरी ढांचे का खुलकर समर्थन करते थे, वे आज गिरगिट की तरह रंग बदल रहे हैं। उन्होंने तीखे लहजे में कहा कि कल तक सनातनी आस्था का विरोध करने वाले आज अचानक कह रहे हैं कि हिंदुओं की आस्था के साथ खिलवाड़ हो रहा है। सीएम योगी ने सवाल उठाया, आपकी आस्था अचानक अयोध्या से कब जुड़ गई? अगर कोई सच्चा रामभक्त यह कहता है कि उसकी आस्था अयोध्या के साथ है, तो उसे बोलने का हक है, लेकिन कांग्रेस के पास इस पर बोलने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।
कब्रिस्तान की बाउंड्री बनाने वाले किस मुंह से कर रहे धर्मस्थलों की बात
सपा के शासनकाल की याद दिलाते हुए सीएम योगी ने जनता को सचेत किया। उन्होंने कहा, जो कांग्रेस राम के अस्तित्व को नकारती थी और जो समाजवादी पार्टी निहत्थे रामभक्तों पर गोलियां चलवाती थी, वे आज किस मुंह से आस्था की दुहाई दे रहे हैं। जो लोग हिंदू धर्मस्थलों के पुनरुद्धार और उनके विकास का पैसा रोककर कब्रिस्तानों की बाउंड्री वॉल बनवाने पर लुटा देते थे, उनसे जनता को यह सवाल जरूर पूछना चाहिए कि वे आज किस आस्था और विकास की बात कर रहे हैं।
Also Read: Siddharthnagar News: भारत-नेपाल सीमा से तस्कर गिरफ्तार, खाद्य सामग्री से भरा टेम्पो जब्त

